
MADHUBANI:- नवजात शिशु की मौत के बाद बिनोद नर्सिंग होम में जमकर बवाल
मधुबनी- 22 जून। नगर थाना क्षेत्र के कोतवाली चौक स्थित निजी अस्पताल बिनोद नर्सिंग होम में नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने जमकर बवाल काटा। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और कर्मियों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार, बेनीपट्टी निवासी ललित झा की पत्नी को प्रसव के लिए इस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद जब बच्चा मृत पैदा हुआ, तो परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। मृत शिशु के परिजन शशि झा ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने पहले नॉर्मल डिलीवरी की बात कही थी, लेकिन गलत इलाज के कारण बच्चे की जान चली गई।
दूसरी ओर बिनोद नर्सिंग होम की कर्मी मनीष कुमार ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि मरीज को अत्यधिक प्रसव पीड़ा हो रही थी। डॉक्टर ने पहले ही ऑपरेशन की सलाह दी थी, लेकिन परिजन नॉर्मल डिलीवरी की जिद पर अड़े रहे। दवा देने के बाद नॉर्मल डिलीवरी तो हुई, लेकिन बच्चा मृत पैदा हुआ। इसमें अस्पताल की कोई गलती नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। खबर लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष की ओर से अस्पताल के खिलाफ कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।



