
विवाह, उपनयन, मांगलिक कार्य शुरु, 10 जुलाई तक गूंजेगी शहनाई और बैंडबाजा
मधुबनी- 17 जून। मलमास 15 जून को समाप्त होने के साथ 16 जून से ज्येष्ठ मास शुरु हो गया। गुरुवार 18 जून से विवाह, उपनयन और गृह प्रवेश जैसे अन्य मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाएंगे। वहीं, 18 जून से 10 जुलाई तक विवाह के शुभ मुहूर्त है। जिससे शहनाई, डीजे और बैंडबाजे की गूंज सुनाई देने लगेगी। इसकी जानकारी देते हुएपं. ऋषिनाथ झा ने बताया कि 10 जुलाई को लग्न समाप्त होने के बाद 16 जुलाई से ‘चातुर्मास’ प्रारंभ हो जाएगा। चातुर्मास शुरू होते ही अगले चार महीनों के लिए फिर से सभी मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।
22 जून की रात को मृगशिरा नक्षत्र समाप्त होगा और सूर्य देव ‘आद्रा नक्षत्र’ में प्रवेश करेंगे। आद्रा नक्षत्र का आना खरीफ फसलों विशेषकर धान की खेती के लिए शुभ माना जाता है। इस नक्षत्र में खेतों की जुताई और बुआई करने से अच्छी पैदावार होती है, जिससे किसानों में उत्साह है। वहीं, लग्न और मांगलिक कार्यों को लेकर बाजार की चहल पहल बढ़ गई है। मैरेज हॉल, बैंड पार्टी की बुकिंग शुरू हो गई है। विवाह की खरीदारी को लेकर स्थानीय कारोबारियों में भी खुशी देखी जा रही है।



