
MADHUBANI:- पंचायत सरकार भवनों को पूर्णत क्रियाशील बनाऐंः डीएम
मधुबनी-12 जून। जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों के साथ पंचायती राज विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत सरकार भवनों की स्थिति, आधार सेवा केंद्रों की स्थापना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, ई-ग्राम कचहरी, वित्त आयोग मद की व्यय प्रगति सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सरकार भवनों के संचालन, भवनों में उपलब्ध कराई जाने वाली नागरिक सुविधाओं तथा विभिन्न पंचायतों में लंबित आधारभूत समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवनों को सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त कर आम जनता के लिए अधिक उपयोगी बनाया जाए तथा जहां भूमि विवाद अथवा अन्य कारणों से कार्य लंबित हैं, वहां त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पंचायत सरकार भवनों में आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्रों की स्थापना की प्रगति की समीक्षा की । जिलाधिकारी ने शेष लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर आधार सेवाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में प्रगति तेज करने का निर्देश बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के विभिन्न चरणों में हुए कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत स्थापना, भुगतान संबंधी लंबित मामलों के निष्पादन तथा गुणवत्ता मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना है, जिससे आम नागरिकों को सुविधा और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सके। बैठक में ई-ग्राम कचहरी के अंतर्गत दर्ज एवं निष्पादित मामलों की प्रखंडवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मामलों के त्वरित निष्पादन तथा पंचायत स्तर पर विवादों के प्रभावी निपटारे पर बल दिया। साथ ही छठे वित्त आयोग मद के अंतर्गत उपलब्ध राशि के व्यय की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा उपलब्ध राशि के बेहतर उपयोग का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आम जनता तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही से ही पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में अपेक्षित सुधार संभव है। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी,सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।



