
MADHUBANI: समिति सदस्य के लिए राजेश मंडल, सुनीता पूर्वे, विभा देवी, आशीष कुमार झा, अनीसुर रहमान, रंजीत कुमार और कैलाश सहनी प्रत्याशी चयनित
मधुबनी- 24 मई। नगर निगम सशक्त स्थाई समिति के कुल सात सदस्य पद के लिए 27 मई को प्रस्तावित मतदान को लेकर रविवार की शाम पार्षदों का एक समूह द्वारा बैठक कर बड़ा निर्णय लिया गया। पार्षदों के इस बैठक में पार्षदों की एकजुटता से यह खेमा दूसरे खेमा पर भारी पड़ सकता है। इस खेमा की ओर से समिति के 7 सदस्यों की दावेदारी मजबूत हो सकती है। बैठक में नगर निगम की वर्तमान व्यवस्था के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए पार्षदों ने शपथ लिया कि हर साल में समिति सदस्य के लिए थोपे गए प्रत्याशी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। बैठक में सभी 7 सदस्यों के लिए सर्वसम्मति से 7 पार्षदों के नाम का चयन किया गया। साथ ही चुनावी रणनीति के तहत तय किए गए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए अन्य पार्षदों से संपर्क स्थापित कर उनका सहयोग हासिल करने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक में शामिल पार्षदों ने बताया कि नगर निगम के सशक्त स्थाई समिति और बोर्ड की बैठक में पार्षदों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एजेंडा पर बिना किसी तरह की ठोस चर्चा किए सहमति प्रदान किया जाता है। पार्षदों पर दबाव बनाना नगर निगम की कुसंस्कृति का हिस्सा बन गया है। इस छवि को दूर करने के लिए समिति के सदस्य पद के चुनाव में पार्षदों की एकजुटता समय की मांग बन चुकी है। पार्षदों ने कहा कि इस बार अगर चूके तो निश्चित रूप से आने वाला समय पार्षदों के लिए और भी बदत्तर हो सकता है। पार्षदों के मान-सम्मान की अनदेखी और बढ़ती जाएगी।


