
MADHUBANI: शिव शक्ति महायज्ञ में देश के सुप्रसिद्ध कथा वाचिका साध्वी मीरा किशोरी का होगा आगमन
मधुबनी- 24 मई। रहिका प्रखंड के प्रसिद्ध कपिलेश्वर मंदिर परिसर स्थित प्रस्तावित नौ दिवसीय 19 से 27 जून तक प्रस्तावित शिव शक्ति महायज्ञ की तैयारी को लेकर रविवार को महायज्ञ तैयारी समिति की बैठक कपिलेश्वर स्थान स्थित विवाह भवन में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए यज्ञ ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट के शरत चंद्र मिश्र ने बताया कि कपिलेश्वर स्थान परिसर स्थित शिव शक्ति महायज्ञ मे शिव महापुराण कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथा वाचिका साध्वी मीरा किशोरी द्वारा किया जाएगा। कथा वाचिका साध्वी मीरा किशोरी शिव महापुराण में भगवान शिव की आराधना के विभिन्न स्वरूपों पर प्रवचन करेंगी। प्रवचन में भगवान शिव के विविध रूपों, अवतारों, ज्योतिर्लिंगों, भक्तों और भक्ति का विशद् वर्णन किया जाएगा।
भगवान शिव के कल्याणकारी स्वरूप का तात्त्विक विवेचन, रहस्य, महिमा और उपासना का विस्तृत वर्णन से भक्तों को लाभ मिलेगा। शिव को पंचदेवों में प्रधान अनादि सिद्ध परमेश्वर के रूप में स्वीकार किया गया है। शिव-महिमा, लीला-कथाओं के अतिरिक्त इसमें पूजा-पद्धति, अनेक ज्ञानप्रद आख्यान और शिक्षाप्रद कथाओं का सुन्दर संयोजन होगा। भगवान शिव के भव्यतम व्यक्तित्व का गुणगान किया गया जाएगा। शिव स्वयंभू हैं, शाश्वत हैं, सर्वोच्च सत्ता है, विश्व चेतना हैं और ब्रह्माण्डीय अस्तित्व के आधार हैं।
उन्होंने कहा कि तांत्रिक पद्धति के अनुसार शिव शक्ति महायज्ञ में कामरूप कामख्या के साधक आचार्य नीरज जी महाराज भी शामिल होंगे। मुख्य यजमान आचार्य सुधांशु शेखर मिश्र होंगें। बैठक में गणेश कुमार उपाध्यक्ष, रोहित चौधरी, संजीव कुमार मिश्र, बाबा कपिलेश्वर मंदिर एवं धर्मशाला न्यास समिति के कोषाध्यक्ष आचार्य संतोष झा, उपाध्यक्ष प्रभात रंजन, नागेंद्र कुमार चौरसिया, शशिशेखर पांडेय, जीवन राय, दिनेश यादव, सियाराम महतो, सोनू कुमार महतो, बबलू यादव, मगन ठाकुर, संतोष झा, सुभाष चंद्र मिश्र, संतोष यादव सहित अन्य ने हिस्सा लिया।



