
DARBHANGA: घरेलू विवाद में पति ने पत्नी समेत 3 मासूम बच्चों की हत्या की, जांच में जुटी पुलिस
दरभंगा- 19 मई। दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद में एक व्यक्ति ने मंगलवार की सुबह पत्नी समेत तीन मासूम बच्चों की हत्या कर दी। जिले के पतोर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदनपट्टी गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित व्यक्ति ने खुद को भी घायल कर लिया। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिला अंतर्गत कुंडी थाना क्षेत्र निवासी संदीप दास की पत्नी 30 वर्षीय फूल कुमारी दास (30), पुत्र 07 वर्षीय हृदय दास,पुत्री 06 वर्षीय संध्या दास एवं 05 वर्षीय पुत्र सोन दास के रूप में हुई है।
सूत्रों ने बताया कि संदीप दास अपनी पत्नी और बच्चों के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अहले सुबह विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर संदीप ने डंडा और लोहे की रॉड से पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में फूल कुमारी और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को पुलिस ने इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी। घटना के बाद आरोपित संदीप दास ने खुद को भी घायल कर लिया। उसे पुलिस ने इलाज के लिये डीएमसीएच में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। ईधर पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच दरभंगा भेज दिया है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



