
बिहार में MLC चुनाव की सियासत तेज,राज्य के 24 सीटों के लिए होना है चुनाव
पटना- 04 जनवरी। बिहार में पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद अब विधान परिषद चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। इस चुनाव को लेकर सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) पर सबकी नजर रहेगी। इस चुनाव को लेकर जहां जदयू विधान परिषद में अपनी ताकत बढ़ाने के जुगाड़ में है वहीं गठबंधन में शामिल छोटे दल भी अपनी हिस्सेदारी को लेकर आशावादी हैं।
दरअसल, राज्य के 24 सीटों के लिए मतदान पिछले साल ही हो जाना था लेकिन कोरोना संक्रमण को लेकर पंचायत चुनाव टला तो विधान परिषद चुनाव भी आगे खिसकता चला गया। विधान परिषद की इन 24 सीटों पर वर्ष 2015 में हुए चुनाव में बीजेपी के सबसे अधिक 11 उम्मीदवार जीते थे, जबकि जदयू के पांच प्रत्याशी जीते थे लेकिन हाल के परिदृश्य में आए बदलाव के बाद जदयू अधिक सीटों की मांग कर रहा है। जदयू का तर्क है कि पिछला चुनाव 2015 में हुआ था। तब भाजपा, रालोसपा और लोजपा साझे में लड़ी थी। भाजपा की 11 और लोजपा की एक सीट पर जीत हुई थी। बाद में लोजपा की नूतन सिंह और निर्दलीय अशोक कुमार अग्रवाल भाजपा में शामिल हो गए।
जदयू का दावा इस आधार पर है कि उसके पांच उम्मीदवार जीते थे। उस चुनाव में जीते राजद के तीन और कांग्रेस के एक विधान पार्षद जदयू में शामिल हुए। यह संख्या नौ हुई। ऐसे में जदयू का दावा 24 में से आधी यानी 12 सीटों पर है। एनडीए में शामिल जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और मुकेश सहनी की पार्टी (वीआईपी) भी कुछ सीटें मांग सकती है। केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की पार्टी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी भी एनडीए के ही साथ है। बताया जाता है कि चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर जेडीयू और बीजेपी के नेताओं के बीच एक दौर की बातचीत हो चुकी है। सभी घटक दलों की सहमति से ही सीटों का बंटवारा होगा।


