
मधुबनी (पूर्वी) जिलाध्यक्ष नलिनी रंजन झा ने पदभार ग्रहण किया, कहा-युवाओं को साथ लेकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे
मधुबनी- 15 मई। मधुबनी (पूरब) जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष नलिनी रंजन झा उर्फ रुपन ने एक भव्य समारोह के बीच अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और जनमुद्दों पर आर-पार की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए प्रमंडल प्रभारी ऋषि मिश्रा ने संगठनात्मक ढांचे को स्पष्ट करते हुए कहा कि कार्यकुशलता और मजबूती के लिए मधुबनी जिला को दो भागों में बांटा गया है। इसमें मधुबनी पूर्वी भाग में छह विधानसभा क्षेत्रों को और मधुबनी पश्चिमी भाग में चार विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ा गया है। श्री मिश्रा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा, आज संगठन को और मजबूत बनाने के लिए युवाओं को बड़े पैमाने पर जोड़ने की जरूरत है। युवाओं के जोश और वरिष्ठों के अनुभव से ही कांग्रेस हर मोर्चे पर विजय हासिल करेगी।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त अध्यक्ष नलिनी रंजन झा ने कहा कि युवाओं को साथ लेकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि पेपर लीक,बेरोजगारी,भ्रष्टाचार के साथ-साथ मधुबनी के मखाना और मत्स्य पालन से जुड़े किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी और जनता के बीच जाकर पुरजोर आंदोलन करेगी। इस गरिमामयी कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, प्रदेश कांग्रेस के जिला प्रभारी संजय महाराज,मधुबनी (पश्चिम) की जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना देवी कुशवाहा, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा और नगर निगम के डिप्टी मेयर अमानुल्लाह खान मुख्य रूप से उपस्थित थे।
मौके पर पूर्व अध्यक्ष सतीश चंद्र मिश्रा,टेक नाथ पाठक,रियासत अली,मोहम्मद साबिर,विवेकानंद झा,विनय कुमार झा,सुशील झा, विजय रावत,अखिल अंजुम,प्रशांत राज,आनंद कुमार झा और अशोक कुमार चोरसिया सहित बड़ी संख्या में प्रखंड अध्यक्ष,विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष एवं समर्पित कार्यकर्ता मौजूद थे।



