
दिल्ली: ओमिक्रोन संक्रमितों की संख्या बढ़कर हुई 351
नई दिल्ली- 01 जनवरी। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के साथ-साथ इसके नये वेरिएंट ओमिक्रोन का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में शनिवार को ओमिक्रोन के 31 नये मामले सामने आए। यहां अब ओमिक्रोन संक्रमितों की संख्या बढ़कर 351 तक पहुंच गई है।
दिल्ली सरकार के आंकड़ों के अनुसार 57 मरीज अभी तक ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं। वहीं शुक्रवार को राजधानी में कोविड-19 के 1796 मामले सामने आए।
उल्लेखनीय है ओमिक्रोन देश के 23 राज्यों में पांव पसार चुका है। जिनमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 454 केस सामने आ चुके हैं। वहीं, दिल्ली 351 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है।
ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल के पालन का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। दिल्ली कोरोना के नये वेरिएंट से निपटने के लिए तैयार है।



