
नीतीश कुमार के बाद अब भाजपा का अगला निशाना होगा शराबबंदी कानून: ब्रह्मानंद
मधुबनी- 14 अप्रैल। रहिका सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष व राजद के वरीय नेता ब्रह्मानंद यादव ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी से नीतीश कुमार की विदाई के बाद अब सरकारी खजाना भरने के ख्याल से शराबबंदी कानून को पलटा जाएगा। पूर्व सीएम नीतीश कुमार की शराबबंदी सहित पूर्व में लिए गए अन्य निर्णय को भी निरस्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफा और सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनने की घोषणा के साथ जदयू का अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। अब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शराबबंदी का सपना पर चकनाचूर होने का समय आने वाला है।
वहीं, शराबबंदी कानून को निरस्त करने के मसले पर जदयू का विभाजन तय है। उन्होंने कहा कि बिहार शराबबंदी कानून लागू कर इतिहास में युग पुरुष के रूप में अपना नाम दर्ज करने की मंशा पर अब ग्रहण लगने वाला है। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार और अफसरशाही की वजह से बिहार में शराबबंदी अभिशाप बनकर रह गया। शराबबंदी के नाम पर पुलिस, प्रशासन की करोड़ों की कमाई होने लगी।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर शराबबंदी कानून पुलिस प्रशासन और बड़े से लेकर छोटे हकीमों के लिए काली कमाई का सबसे बेहतर जरिया बन गया है। इसके कई उदाहरण भी सामने आ चुके हैं। बिहार के कई बड़े हाकिमों की शराबबंदी के आड में काली कमाई और शराब माफियाओं के साथ हाकिम की साठगांठ किसी से छीपी नहीं रही। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून से सबसे अधिक लाभ राजस्व विभाग और पुलिस से विभाग के हाकिमों की हुई है। इन दोनों विभाग के हाकिमों की संपत्ति की जांच कर ली जाए तो शराबबंदी कानून के फायदे समझ में आ जाएंगे।



