
बिहार
मधुबनी में HP गैस एजेंसी द्वारा सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराने से नाराज उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
मधुबनी- 25 मार्च। मधुबनी शहरी क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत और वितरण व्यवस्था में आ रही खामियों के खिलाफ बुधवार को स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया। कोतवाली चौक स्थित एक एचपी गैस एजेंसी द्वारा सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए जाने से नाराज उपभोक्ताओं ने मुख्य मार्ग को बांस-बल्ले से घेरकर घंटों जाम कर दिया और जिला प्रशासन व एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा जारी नई गाइडलाइंस के अनुसार एक सप्ताह पहले ही सिलेंडर की बुकिंग करा ली थी, इसके बावजूद एजेंसी द्वारा उन्हें गैस की आपूर्ति नहीं की जा रही है। जाम कर रहे स्थानीय लोगों ने बताया हम शहर में रहते हैं, जहाँ बिना गैस के चूल्हा जलना नामुमकिन है। एक हफ्ते से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जब हम एजेंसी पहुँचते हैं, तो हमें टरका दिया जाता है, आखिर प्रशासन के दावे कहाँ गए?
सड़क पर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जिला प्रशासन के उन दावों को भी आड़े हाथों लिया जिसमें कहा गया था कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। आक्रोशित लोगों का कहना था कि यदि स्टॉक पर्याप्त है, तो उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर क्यों नहीं मिल रहा है। लगभग एक घंटे तक रहे इस जाम के कारण मधुबनी-पंडोल मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बस,ट्रक और निजी वाहन भीषण जाम में फंसे रहे, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही नगर थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। प्रदर्शन उग्र होता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और कुछ युवकों को हिरासत में भी लिया। काफी मान-मनौव्वल और एजेंसी से जल्द आपूर्ति बहाल कराने के आश्वासन के बाद पुलिस ने जाम हटवाया और यातायात सुचारू कराया।



