
उत्तराखंड में ‘लव जिहाद’, ‘लैंड जिहाद’ और अवैध मदरसों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है, CM पुष्कर धामी ने कहा- बिहार में डबल इंजन की सरकार विकसित भारत के सपने को कर रही है साकार
पटना- 17 अक्टूबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को बिहार में सिवान जिले के गोरियाकोठी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देवेशकांत सिंह के समर्थन में आयोजित नामांकन सह आशीर्वाद सभा को संबोधित किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी थे। दोनों नेताओं से जनता से बाजपा उम्मीदवार को विजयी बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभा को संबोधितकरते हुए कहा कि देवेशकांत सिंह ने विधायक रहते हुए इस क्षेत्र में अनेक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। जनता के जोश और उत्साह को देखकर यह स्पष्ट है कि इस बार भी देवेशकांत जी पिछली बार की तुलना में और अधिक मतों से जीत दर्ज करेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार ने बिहार में अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं। आज बिहार के हर जिले में विकास की गति दिखाई दे रही है। सड़कों से लेकर रेल सेवाओं तक हर क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के लिए करोड़ों की राशि स्वीकृत की है और रेल बजट में भी अभूतपूर्व वृद्धि की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण और अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आज बिहार के हर घर में बिजली, पानी और शौचालय की सुविधा पहुंची है। कांग्रेस के समय में सिर्फ ‘गरीबी हटाओ’ के नारे दिए जाते थे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के पुनरुत्थान का कार्य भी निरंतर जारी है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और श्री केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण इसका उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने उत्तराखंड में किए गए सुधारात्मक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है। राज्य में ‘लव जिहाद’, ‘लैंड जिहाद’ और अवैध मदरसों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। इसके अलावा ‘ऑपरेशन कालनेमि’ चलाकर पाखंडियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए पुष्कर धामी ने कहा कि ऐसी पार्टियां तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति में लिप्त हैं। लालू परिवार ने भ्रष्टाचार में कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। चारा घोटाला हो या आईआरसीटीसी घोटाला, पूरा परिवार इसमें संलिप्त पाया गया है। यही वे लोग हैं, जिन्होंने बिहार को जंगलराज में तब्दील कर दिया था, जब अपराध चरम पर था, दिनदहाड़े हत्याएं होती थीं, महिला अपराध होते थे और रंगदारी मांगने वालों का बोलबाला था।
उन्होंने कहा कि इन विरोधियों का एकमात्र लक्ष्य प्रधानमंत्री मोदी को रोकना है। इनके पास बिहार के विकास के लिए कोई विजन या एजेंडा नहीं है। राहुल गांधी चुनाव के बाद गायब हो जाते हैं और तेजस्वी यादव ट्वीट तक सीमित हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने अंत में कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि बिहार की जनता एक बार फिर विकासवादी सोच पर मुहर लगाकर राजग की सरकार बनाने जा रही है। बिहार का जनादेश इस बार भी विकास, सुशासन और स्थिरता के पक्ष में होगा।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस अवसर पर कहा कि यह धरा त्याग, तपस्या और संघर्ष की है, आज माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के पथ पग-पग बढ़ रहा है और आपरेशन सिंदूर ने आतंकवादी कमर तोड दी। मोदी है तो मुमकिन है। डबल इंजन सरकार ने बिहार में गुण्डाराज, भ्रष्टाचार को समाप्त कर दिया है। संविधानिक संस्थानों का गला घोटने वालों को बिहार की जनता ने नकार दिया है और विपक्ष को घुटनों पर ला दिया है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्मी जी कमल पर बैठ कर आती हैं। कमल खिलेगा, खुशियां आयेंगी। गोरियाकोठी की जनता के जोश से पता चल रहा है कि खिलेगा तो कमल। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य ‘विकसित बिहार, सशक्त भारत’ है। मिलकर एक बार फिर विकास, ईमानदारी और राष्ट्रवाद के प्रतीक कमल के फूल पर बटन दबाइए। गरीब की मुस्कान, किसान की खुशहाली और देश की समृद्धि का रास्ता बनाएं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज सीवान और वारसलीगंज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियो के नामांकन सभा में भाग लिया।