
MADHUBANI:- भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र से 159.425 लीटर नेपाली शराब के साथ एक गिरफ्तार
मधुबनी, 25 सितंबर। 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर के एफ समवाय, कमला द्वारा आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 159.425 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई तथा एक भारतीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान तीन बाईक एवं एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। प्राप्त सूचना के आधार पर सीमा स्तम्भ संख्या-270/15 से लगभग 30 मीटर भारतीय क्षेत्र में, तालाब के समीप पीपल के पेड़ के पास गश्ती दल द्वारा निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से तीन व्यक्ति बाईकों पर सवार होकर कुछ बोरियां लादकर भारतीय क्षेत्र में आते दिखाई दिए। गश्ती दल को देखकर तीनों व्यक्तियों ने अपनी-अपनी बाईक गिराकर भागने का प्रयास किया। गश्ती दल द्वारा घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य व्यक्ति नेपाल की ओर भागने में सफल रहे। इसके बाद तीनों बाईक की जांच तथा उन पर लदी बोरियों की तलाशी लेने पर 159.425 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई।

वहीं गिरफ्तार व्यक्ति जयनगर थाना क्षेत्र के राजपूताना टोला निवासी 19 वर्षीय रंजन कुमार के तौर पर हुई है। 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर के कमांडेंट ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई एवं सतत निगरानी जारी है। वहीं बरामद शराब एवं गिरफ्तार व्यक्ति को स्थानीय थाने के हवाले कर दिया गया है।



