
बिहार
MADHUBANI:- झूलते तार के चपेट में आने से युवक की मौत
मधुबनी- 16 जुलाई। अरेर थाना क्षेत्र के झोंझी गांव में बीती रात एक युवक की मौत बिजली तार के चपेट में आने से हो गयी। युवक घर के बगल में दलान पर गया हुआ था। मृतक की पहचान झोंझी गांव के मोहन साहू के 34 वर्षीय पुत्र रमण साहू के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक सपरिवार दिल्ली में रहता है। निजी कार्यो से गत तीन दिन पूर्व गांव आया हुआ था। मंगलवार की देर शाम दलान पर था। दलान पर बिजली का तार गुजर रहा था, जो महज सात से आठ फीट की ऊंचाई पर लटक रहा था। युवक अंधेरे के कारण बिजली तार को नहीं देख पाया । इसी दौरान हाथ ऊपर किया तो उसके हाथों में बिजली का तार स्पर्श हो गया और युवक मौके पर ही झटपटाने लगा। जबतक स्थानीय लोग दौड़े, तबतक युवक की मौत हो चुकी थी। युवक के मौत होते गांव और परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने मौत के लिए सीधे तौर पर बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूरे गांव में यत्र कुत्र तार लटक रहा है, कहीं घर के छप्पड़ पर तार रखा हुआ है। सेफ्टी तार कही नहीं लगाया गया है। जिसके कारण आये दिन बिजली दुर्घटना हो रही है। उधर, युवक के मौत की सूचना दिल्ली में रह रहे पत्नी को दी गयी । मृतक को दो छोटे छोटे पुत्र है। घर के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है।



