
UP:-पुलिस मुठभेड़ में दो महिलाएं समेत 3 बदमाश गिरफ्तार
हमीरपुर, 27 नवम्बर। जिले में दो पेट्रोल पम्पों में लूटपाट का शनिवार को यहां एसपी ने खुलासा करते हुए दो महिला समेत तीन बदमाशों को जेल की सलाखों में कराया है। दो पेट्रोल पंपों में लूट की सनसनीखेज वारदात गैंग ने अंजाम दिया था। गैंग के इन बदमाशों को पुलिस की टीमों ने मुठभेड़ में गोलीबारी के बीच गिरफ्तार किया है।
एसपी कमलेश दीक्षित ने आज शाम यहां बताया कि छब्बीस दिन पहले राठ कोतवाली क्षेत्र बदनपुर में पेट्रोलपंप से बदमाशों ने लूट की थी। इस घटना के बाद 13 नवम्बर को टिकरिया व जरिया थाना क्षेत्र के पेट्रोलपंप उमरिया में लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। लूट की इन तीन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थी।
एसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर राठ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश चन्द्र त्रिपाठी, स्वाट टीम प्रभारी विनोद कुमार राय व जरिया के प्रभारी निरीक्षक रामआसरे सरोज ने पुलिस फोर्स के साथ राठ क्षेत्र में जगतराज विद्यालय के पास पहुंचे तो पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में औड़ेरा नई बस्ती राठ निवासी छोटू रैकवार पुत्र शिवचरन, पराखेड़ा राठ निवासी नीतू पुत्री रामनारायण व जखा पनवाड़ी महोबा निवासी कल्पना पत्नी दिनेश राजपूत को गिरफ्तार किया गया।
नीतू बफरेल चरखारी महोबा निवासी नरेन्द्र पाल की मंगेतर है। बताया कि छोटू के कब्जे से 29 हजार दो सौ रुपये की नकदी, एक टूटा कैमरा, एक मोटरसाइकिल, एक डीवीआर की बरामदगी की गई है वहीं कल्पना के कब्जे से किसी दूसरे का आधार कार्ड, 21 हजार दो सौ रुपये, ठेका का लाइसेंस, 11 हजार दो सौ रुपये की नकदी बरामद की गई है। इसके अलावा नीतू के कब्जे से 63 हजार छह सौ रुपये की नकदी व दूसरे के दो आधार कार्ड बरामद हुए है। एसपी ने बताया कि अपराधी छोटू शातिर है जिसके खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज है।



