भारत

स्वच्छ सर्वेक्षण 2021: इंदौर का पांचवीं बार लहराया देश में स्वच्छता का परचम

इंदौर को सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज और स्वच्छता का प्रथम पुरस्कार, राष्ट्रपति ने सराहा

मध्य प्रदेश देश का तीसरा सबसे स्वच्छ राज्य

भोपाल- 20 नवम्बर। स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 में इंदौर ने अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए लगातार पाँचवीं बार देश में स्वच्छता का परचम लहराया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को नई दिल्ली में विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ अमृत महोत्सव में इंदौर को सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज और देश के सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ शहर का अवार्ड दिया। मध्यप्रदेश को तीसरे सबसे स्वच्छ राज्य का पुरस्कार प्राप्त हुआ। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया और सांसद शंकरलाल लालवानी ने पूरी टीम के साथ अवार्ड प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंदौर अद्भुत है, गजब है, धन्य है इंदौर की जनता, जिन्होंने इंदौर को लगातार पाँचवीं बार स्वच्छता में शीर्ष पर बनाये रखा। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी नगरीय निकाय के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों तथा कर्मचारियों को भी बधाई दी है। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने अवार्ड प्राप्त करने वाले इंदौर सहित सभी नगरीय निकायों को बधाई देते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर प्रयास करेंगे कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 में इंदौर की तरह अन्य निकायों को भी श्रेष्ठ रैंकिंग मिले। राज्यमंत्री भदौरिया ने भी पुरस्कृत नगरीय निकायों को बधाई दी।

राष्ट्रपति ने इंदौर की सराहना करते हुए कहा कि सर्वश्रेष्ठ होना अच्छी बात है, लेकिन सर्वश्रेष्ठ स्थान पर बने रहना बड़ी बात है। उन्होंने शहर को अपने इस प्रयास के लिए शुभकामनाएं और बधाई दीं। इंदौर शहर को 5 स्टार शहर का प्रमाणीकरण भी आज ही प्राप्त हुआ है। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सभी विजेताओं को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

वर्ष- 2021 के स्वच्छता सम्मान समारोह में 10 लाख से अधिक आबादी की श्रेणी में देश के 20 टॉप शहरों में मध्यप्रदेश के 4 शहर शामिल हैं। इनमें इन्दौर को प्रथम, भोपाल को सातवाँ, ग्वालियर को 15वाँ और जबलपुर को 20वाँ स्थान मिला।

इसी प्रकार 1 से 10 लाख जनसंख्या के शहरों में पश्चिमी जोन में देश के 100 शहरों में मध्यप्रदेश के 25 शहर शामिल हैं। पचास हजार से एक लाख आबादी की श्रेणी में देश के 100 शहरों में मध्यप्रदेश के 26 शहर, 25 से 50 हजार आबादी की श्रेणी में देश के 100 शहरों में मध्यप्रदेश के 26 शहर और 25 हजार से कम आबादी की श्रेणी में देश के 100 शहरों में मध्यप्रदेश के 35 शहर शामिल हैं। इस प्रकार चार जनसंख्या श्रेणियों के प्रथम 100 शहरों में मध्यप्रदेश के 116 शहर शामिल हैं।

मध्यप्रदेश को तृतीय स्थान—

मध्यप्रदेश को नगरीय निकायों और विभिन्न स्वच्छता प्रक्रियाओं के पालन के लिए 100 नगरीय निकायों से अधिक वाले राज्यों की श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रदेश के 6 शहर इंदौर, भोपाल, उज्जैन, देवास, होशंगाबाद एवं बड़वाहा और पचमढ़ी केन्ट उत्कृष्ट अवार्ड श्रेणी के लिए सम्मानित किए गए। इसके अलावा 27 शहरों ने स्टार रेटिंग प्राप्त की। फाइव स्टार 1, 3 स्टार 9 और 1 स्टार 17 शहर घोषित किए गए। सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में इंदौर के साथ देवास तथा भोपाल ने भी श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया। सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में पुरस्कार के रूप में इंदौर को 12 करोड़, देवास को 8 करोड़ और भोपाल को 3 करोड़ की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई।

होशंगाबाद शहर को 1 से 3 लाख जनसंख्या के शहरों में तेजी से बढ़ते हुए शहर का सम्मान प्राप्त हुआ है। वहीं देवास को इसी श्रेणी के शहरों में नवाचार का सम्मान मिला है। उज्जैन शहर को 1 से 10 लाख आबादी के शहरों में नागरिक प्रतिक्रिया में सर्वश्रेष्ठ शहर का सम्मान मिला है।

भोपाल ने अपना स्व-संवहनीय राजधानी का विगत वर्ष का खिताब बनाए रखा है। साथ ही सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में भोपाल को देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। छोटे शहरों की श्रेणी में खरगौन जिले के बड़वाहा को जोनल रैंकिंग में सबसे तेजी बढ़ते शहर का सम्मान प्राप्त हुआ।

स्वच्छ सर्वेक्षण में पहली बार प्रेरक दौर का घटक शामिल किया गया था। इसमें प्लेटिनम-दिव्य श्रेणी में 1 शहर इंदौर, गोल्ड-अनुपम श्रेणी में 35 शहर, सिल्वर- उज्ज्वल श्रेणी में 3 शहर और ब्रांज- उदित श्रेणी में 27 शहर, कॉपर आरोही श्रेणी में 4 शहर सहित कुल 70 शहरों को इस घटक में रैंकिंग प्राप्त हुई।

मध्यप्रदेश की प्रमुख उपलब्धियाँ—

10 लाख अधिक आबादी की देश के 20 टॉप शहरों में मध्यप्रदेश के सभी 4 शहर इन्दौर,भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर शामिल।

1 से 10 लाख आबादी की श्रेणी : पश्चिमी क्षेत्र श्रेणी में देश के 100 शहरों में मध्यप्रदेश के 25 शहर शामिल।

50 हजार से 1 लाख आबादी की श्रेणी में देश के 100 शहरों में मध्यप्रदेश के 26 शहर शामिल।

इंदौर को मिला 5 स्टार के साथ सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज और स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में देश के सर्वश्रेष्ठ शहर का सम्मान।

प्रदेश के कुल 27 शहरों को मिली स्टार रेंटिंग, 5 स्टार 1, 3 स्टार 9 और 1 स्टार 17 शहर घोषित किए गए।

भोपाल ने इस साल फिर पाया स्व-संवहनीय राजधानी का खिताब और सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में देश में तीसरा स्थान।

प्रदेश के 06 शहर हुए विभिन्न श्रेणियों के राष्ट्रीय पुरुस्कारों से सम्मानित।

मध्यप्रदेश को तीसरे सबसे स्वच्छ राज्य का पुरस्कार।

छोटे शहरों की श्रेणी में खरगोन जिले के बड़वाहा को जोनल रैंकिंग में सबसे तेजी से बढ़ते शहर का सम्मान।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button