
BIHAR:- वर्ष 2006-07 से गन्ना किसानों के लिए कई कदम उठाए गए:CM
–सीएम ने की गन्ना उद्योग विभाग की समीक्षा
पटना- 20 नवंबर। सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार देर शाम गन्ना उद्योग विभाग की समीक्षा की।विभाग के सचिव के प्रस्तुतीकरण बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2006-07 से गन्ना किसानों के लिए कई कदम उठाये गये हैं। पूर्व के कई वर्षों में गन्ना के मूल्य में वृद्धि की गई। सरकार के स्तर से ईख मूल्य अनुदान भी दिए गए।
सीएम ने कहा कि गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गन्ना उद्योग को प्रोत्साहित किया गया। क्षेत्रीय विकास परिषद (जेडीसी) कमीशन में छूट एवं ईख क्रय कर में छूट की सुविधा दी गई। गन्ने की अधिक उत्पादकता के लिए अच्छे किस्म के गन्ने की प्रजाति को बढ़ावा दिया गया।
उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी जिले के गन्ना किसानों को रीगा के अलावा अन्य चीनी मिलों तक गन्ना पहुंचाने के लिए आवागमन सब्सिडी पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी जारी रखें ताकि गन्ना किसानों को चीनी मिलों तक गन्ना पहुंचाने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उन्होंने कहा कि हमलोग गन्ना किसानों की बेहतरी के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
इससे पहले गन्ना उद्योग विभाग के सचिव एन सरवन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग में किये जा रहे कार्यो के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पेराई सत्र 2021-22 के लिए ईख मूल्य की दर का निर्धारण, वर्ष 2010 से 2021 तक गन्ना मूल्य की दर, परिचालित चीनी मिलों की संख्या, चीनी मिलों की पेराई क्षमता, डिस्टीलरी की क्षमता, आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में गन्ना उद्योग मंत्री प्रमोद कुमार भी उपस्थित थे।



