
DEHLI:- एक ही घर में दो महिला मेड की गला घोंटकर हत्या
नई दिल्ली-15 नवंबर। साउथ-ईस्ट दिल्ली के एक घर में संदिग्ध परिस्थिति में दार्जिलिंग की दो महिला मेड की उनके मालिक के घर पर हत्या किए जाने के बाद सनसनी फैल गई। घटना हजरत निजामुद्दीन थाना इलाके में स्थित जंगपुरा एक्सटेंशन की है, जहां से सोमवार सुबह घर की मालकिन ने ही पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची हजरत निजामुद्दीन थाने की पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स अस्पताल के शवगृह में भेज दिया है। साथ ही घटना को लेकर हत्या की धारा में केस दर्ज कर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि फिलहाल इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी की नहीं की गई है। पुलिस को आशंका है कि इस हत्या के पीछे कोई आपसी रंजिश का मामला हो सकता है। घर में लूट या चोरी की कोई निशानी नहीं मिली है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हत्यारों की घर में फ्रेंडली इंट्री लगती है।
कपड़े से गला घोंटकर हत्या की आशंका—
घटना की पुष्टि करते हुए साउथ-ईस्ट डीसीपी ने मृतका की पहचान 35 वर्षीय मीना राय और 40 वर्षीय सुजाला के तौर पर की गई है। दोनों ही मृतका वेस्ट बंगालके दर्जिलिंग की रहने वाली हैं। बताया जाता है कि दोनों जंगपुरा स्थित उक्त घर में पिछले काफी समय रह रही थी और वहीं पर काम करती थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स के शवगृह भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस सूत्रों ने दोनों का दुप्पटे से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। दोनों के गले पर निशान मिले हैं। हालांकि फिर भी पुलिस मौत की सही वजह जानने के लिए दोनों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
घर में रहते हैं तीन बुजुर्ग—
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना सोमवार सुबह करीब 9.45 बजे मिली थी। कॉलर घर की मालकिन थी, जिन्होंने बताया कि उनके घर में काम करने वाले दोनों महिला मेड उनके घर में मृत पड़ी हुई हैं। सूचना मिलते ही जंगपुरा पुलिस चैकी की टीम तत्काल जंगपुरा एक्सटेंशन में स्थित उक्त मकान में पहुंची, जहां दोनों के डेड बॉडी पड़ी हुई थी। मौके पर मौजूद कॉलर ने बताया दोनों की पहचान मीना राय और सुजाला के तौर पर की है। पूछताछ में पता चला कि उक्त घर में बुजुर्ग दम्पति के अलावा उनकी बुजुर्ग बुआ साथ में रहती हैं। दोनों बुजुर्ग दम्पति सरकारी अधिकारी थे और अब रिटायर हो चुके हैं। उनकी एक बेटी है, जो अपने परिवार के साथ गुजरात में रहती है। पुलिस ने मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को बुलाया और घटनास्थल की जांच कराई। जिसके बाद दोनों को शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। दोनों का दुप्पटे से गला घोंटे जाने की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल के आसपास मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घर में लूट और चोरी का कोई भी निशान नहीं मिला है। हत्या की वजह कोई पुरानी रंजिश लग रही है।



