
पश्चिम बंगाल: मुर्शिदाबाद के बड़ना में मंत्री सुब्रत साहा व विधायक जीवन कृष्ण साहा पर हमला
मुर्शिदाबाद- 10 अक्टूबर। मुर्शिदाबाद जिले के बड़ना थानान्तर्गत सैयदपाड़ा ग्राम में बुधवार शाम राज्य के लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री सुब्रत साहा एवं स्थानीय विधायक जीवन कृष्ण साहा पर हमले की घटना घटी। हालांकि इस हमले में मंत्री और विधायक को चोट नहीं लगी। बताया जा रहा है कि पुलिस के सामने हुए इस हमले में मंत्री के गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया।
प्राप्त जानकरी के अनुसार हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना में मृत लोगों के परिजनों से मिलने मंत्री और विधायक सैयदपाड़ा पहुंचे थे। इसी समय तृणमूल कांग्रेस के ही एक गुट के लोगों ने मंत्री एवं विधायक पर हमला बोल दिया। विधायक जीवन कृष्ण साहा ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय ब्लॉक अध्यक्ष के इशारे पर यह हमला हुआ है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई थी।



