
बेगूसराय-06 नवंबर। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में बीते 36 घंटा के दौरान सात लोगों को गोली मारे जाने से हड़कंप मच गया है। पंचायत चुनाव एवं पर्व के दौरान लगातार हो रही गोलीबारी से आमलोगों में जहां दहशत है, प्रशासनिक महकमा भी हलचल मच गई है। शुक्रवार को अहले सुबह नगर मुख्यालय के बाघी में दो युवकों पंकज कुमार एवं संतोष कुमार की हुई हत्या एवं तीन युवकों के घायल होने के मामले में पुलिस अभी उलझी ही थी कि देर शाम भगवानपुर थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी चंदन सोनी को गोली मारकर बदमाशों ने लूटपाट कर लिया। इन दोनों मामलों को सुलझाने में अभी पुलिस जुटी ही थी कि शनिवार की शाम नयागांव थाना क्षेत्र में एक बालू कारोबारी की सरेआम हत्या कर दी गई। इसके बाद वहां भयंकर बवाल हो गया, लोगों ने आरोपी के घर को ध्वस्त कर दिया। हालांकि घटनाओं के बाद पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर बदमाशों की गिरफ्तारी और मामले के उद्भेदन में जुटी हुई है।
जिला मुख्यालय के लोहिया नगर ओपी क्षेत्र के बाघी में हुई हत्या की वारदात को लेकर एसपी अवकाश कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। लोहिया नगर ओपी प्रभारी अंबिका प्रसाद को सस्पेंड कर दिया गया है। अमर कुमार को नया ओपी प्रभारी बनाकर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। शनिवार को एसपी ने खुद इस दोहरे हत्याकांड का रिव्यू किया तथा अनुसंधान के एक एक पहलुओं पर गौर कर रहे हैं। एसआईटी का गठन कर मामले का गहन अनुसंधान किया जा रहा है। जुआ खेलने के दौरान हुई इस बड़ी वारदात से जिला मुख्यालय के आसपास के क्षेत्रों में तनाव और दहशत की हालत बनी हुई है।



