
एक फूल दो माली के खेल में गई एक प्रेमी की जान, दूसरा पहुंचा जेल
भागलपुर- 08 अप्रैल। मशहूर हिंदी फिल्म एक फूल दो माली की कहानी तो आपने सुनी ही होगी। कुछ ऐसा ही कुछ मामला भागलपुर के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। जिसमें एक प्रेमी ने दूसरे प्रेमी की हत्या कर दी। उधर हत्यारे आशिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
उल्लेखनीय हो कि एक लड़के को एक लड़की से प्यार हो गया। यह प्यार गहरा होता चला गया। इसी बीच लड़की दूसरे लड़के पर दिल दे बैठी। यह पहले प्रेमी को गवारा नहीं हुआ और उसने प्लान के तहत 6 अप्रैल गुरुवार की शाम उसे सिर में गोली मारकर घायल कर दिया। जिसमें इलाज के दौरान दूसरे आशिक की मौत हो गई।
शनिवार को भागलपुर के एसएसपी आनंद कुमार ने एक प्रेस वार्ता कर बताया कि मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र में बीते गुरुवार रात हुए गोलीबारी मामले में घायल छात्र की मौत हो गयी। घटना के बाद से लगातार अपराधी की गरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही थी। छापेमारी के क्रम में पुलिस ने मोजाहिदपुर के ही रविशंकर कुमार को गिरफ्तार कर लिया साथ ही एक देसी कट्टा भी बरामद किया है।
एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का था। रविशंकर को एक लड़की से प्रेम था। कुछ दिनों से प्रियांशु से लड़की की जान पहचान हुई थी। वह उससे बात करता था। रविशंकर को ये नहीं भाया। उसने प्रियांशु को समझाया लेकिन बातचीत होती रही। उसके बाद रविशंकर ने प्रियांशु को गोली मार दी। घटना के बाद प्रियांशु को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति गम्भीर होने पर उसे पटना रेफर किया गया। पटना ले जाने के दौरान कल उसकी मौत हो गयी। प्रियांशु मोजाहिदपुर में अपने नानी के घर रहकर पढ़ाई करता था।



