
MADHUBANI:- सहोरवा गोलीकांड में जख्मी चौथे व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, मृतकों की संख्या पहुंची चार, महज छह धूर भूमि के लिए हुई घटना
मधुबनी- 03 अप्रैल। लौकहा थाना क्षेत्र के मधोपुर पंचायत के सहोरवा गांव में बीते शनिवार को घटित गोलीकांड में जख्मी पंचायत के मुखिया अरविंद गुरमैता के भाई रविन्द्र गुरमैता की मौत इलाज के दौरान दरभंगा के एक निजी अस्पताल में हो गयी। मालूम हो कि एक फरिकेन के दो परिवारों में छह धुर जमीन के लिए धारदार हथियार और फायरिंग में दो व्यक्तियों की मौत हो गई थी। वहीं बीच-बचाव करने गए मुखिया अरविंद गुरमैता की मां बिजली देवी की चोट लगने से मौत हो गई थी। वहीं गंभीर जख्मी रविन्द्र गुरमैता को दरभंगा के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत रविवार को देर रात हो गई। घटना के बाद पुलिस दिन-रात कैम्प कर रही है। हालांकि स्थित समान्य है। रविवार को पोस्टमार्टम होने के बाद मृतक का शव परिजन को सौप दिया गया। सहोरवा गांव में चार लोगों की मौत के बाद मातमी संनाटा पसरा हुआ है।

गांव के लोगों में भय का माहौल कायम है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से दिए गए आवेदन पर 20 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार मंडल ने दोनों पक्षों से छह लोगों गिरफ्तार किया है। जिसमें पंकज यादव,रूपेश यादव,बंशी यादव,रामबल्लभ यादव,रौशन यादव एवं लक्ष्मी यादव शामिल है। गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है। जबकि अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



