
मधुबनी-01 नवंबर। गुप्त सूचना के आधार पर पतौना ओपी पुलिस ने ओपी क्षेत्र के खंगरैठा चोक से एक पिकअप वैन पर लदे 86 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद किया है। हालांकि पुलिस को देख पिकअप चालक भागने में सफल रहा। पिकअप वैन पर लदे 86 कार्टून की तलाशी लेने पर 767 लिटर अंग्रेजी विदेशी शराब बरामद हुआ। ओपीध्यक्ष विजय पासवान ने बताया कि पिकअप वैन छोड़कर कारोबारी फरार हो गया। जिसकी पहचान बिस्फी थाना के भैरवा गांव निवासी सुनील यादव के तौर पर की गयी है। ओपीध्यक्ष श्री पासवान ने बताया कि फरार शराब धंधेबाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मालुम हो कि आगामी 12 दिसंबर को प्रखंड क्षेत्र में पंचायत चुनाव होने की घोषणा हो चुकी है। जिसको लेकर पुलिस प्रशासन लगातार शराब तस्करों पर पैनी नजर बनाए हुए है।



