
MADHUBANI:- कार्य में कोताही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों पर होगी कार्रवाईः एसपी
मधुबनी- 30 नवंबर। पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बुधवार को बिस्फी थाना एवं पतौना ओपी का एक साथ वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि फरार वारंटी की अभिलंब गिरफ्तारी,लंबित कांडों का निष्पादन एवं ठंठी की मौसम को देखते हुए रात्रि गश्ती एवं रोको टोको अभियान चलाने का कड़ा निर्देश थानाध्यक्ष को दिया गया। एसपी ने पतौना ओपी क्षेत्र में बढ़ते चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर ओपीध्यक्ष प्रहलाद शर्मा को कड़ी फटकार लगाते हुए कई अहम दिशा-निर्देश भी दिए।
एसपी ने कहा कि कार्य में कोताही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चोकीदारों को भी अपने अपने क्षेत्र में गस्ती करने एवं असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने को कहा। मौके पर एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह,इंस्पेक्टर आरके निराला,बिस्फी थानाध्यक्ष राज कुमार राय एवं पतौना ओपी अध्यक्ष प्रहलाद शर्मा सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद थे।



