भारत

कांग्रेस की समाज में फूट डालने की नीति से बहुत नुकसान हुआ : नरेन्द्र मोदी

अहमदाबाद- 28 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अपने झंझावती चुनाव प्रचार में सौराष्ट्र में चार चुनावी सभाएं की। मोदी के निशाने पर जहां कांग्रेस रही वहीं उन्होंने सौराष्ट्र क्षेत्र में विकास की गंगा बहाने का श्रेय भाजपा सरकार को दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव पांच साल का नहीं, बल्कि आगामी 25 साल की भविष्य को तय करेगा।

भावनगर जिले के पालीताना में पीएम मोदी ने कहा कि राज्य की जनता ने कांग्रेस को इसलिए खारिज कर दिया क्योंकि वह एक दूसरे को लड़ाने में इस दौरान सक्रिय रही। उसने जाति, समाज, समुदाय और क्षेत्र के नाम पर लोगों को आपस में लड़ाया। कांग्रेस की इस भड़काने की नीति की वजह से राज्य को बहुत नुकसान उठाना पड़ा है। गुजरात की जनता ऐसे लोगों की मदद को तैयार नहीं है जो भारत को तोड़ने की चाह रखने वाले तत्वों का समर्थन करते हों।

पालीताना की रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि सूखाग्रस्त सौराष्ट्र क्षेत्र में नर्मदा का पानी पहुंचाने की कोशिश में भी कांग्रेस ने रोड़े अटकाने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि गुजरात ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगा जो सरदार सरोवर बांध परियोजना को 40 सालों तक रोकने वालों के साथ यात्रा कर रहे हैं।

कांग्रेस पर हमलावर रहते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा बांटो और राज करो वाली है। गुजरात के पृथक राज्य बनने से पहले उसने गुजराती और मराठी लोगों को एक दूसरे से लड़ाया। बाद में कांग्रेस ने विभिन्न जाति व समुदाय के लोगों को एक दूसरे के खिलाफ भड़काया। कांग्रेस के ऐसे पापों की वजह से गुजरात को बहुत नुकसान हुआ है।

कच्छ जिले के अंजार में पीएम मोदी ने 2001 में विनाशकारी भूकंप के बाद कच्छ के विकास यात्रा का जिक्र किया। इस दौरान पीएम मोदी ने जोर देकर कहा भाजपा सीमावर्ती इलाकों या सीमावर्ती गांवों को देश का आखिरी गांव नहीं बल्कि पहला गांव मानती है। पीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कांग्रेस पर गुजरात को अनगिनत बार विभाजित करने और अपने शासन के दौरान राज्य में बड़े पैमाने पर चल रहे आतंक को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि निरक्षरता, कुपोषण, ये गुजरात के गांवों का दुर्भाग्य बन गए थे। भाजपा और कांग्रेस के बीच के अंतर को उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा, कि जब गुजरात ने भाजपा पर भरोसा किया तो चीजें बदलने लगीं। भाजपा ने सुरक्षित गुजरात को अपनी प्राथमिकता बनाया। हमने हर गांव और शहर में सौहार्द का माहौल बनाया।

कच्छ में पर्यटन की संभावनाओं पर विस्तार से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कच्छ में पर्यटन की इतनी संभावनाएं हैं कि यहां आने के लिए कई दिन भी कम पड़ जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज स्कीम के तहत सीमा से सटे गांवों में आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी और उन्हें पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सीमावर्ती क्षेत्रों या सीमावर्ती गांवों को देश का आखिरी गांव नहीं बल्कि पहला गांव मानती है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button