
बैंकिंग घोटालों में अफसरों की भूमिका की जांच कराने की मांग पर RBI और CBI को नोटिस
नई दिल्ली- 17 अक्टूबर। सुप्रीम कोर्ट ने बैंकिंग घोटालों में अधिकारियों की भूमिका की जांच सीबीआई से कराने की मांग पर सुनवाई करते हुए रिजर्व बैंक और सीबीआई को नोटिस जारी किया है। जस्टिस बीआर गवई की अध्यक्षता वाली बेंच ने नोटिस जारी किया।
याचिका बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने दायर की है। सुनवाई के दौरान स्वामी ने कोर्ट से कहा कि बैंकिंग घोटाले के कई मामलों में बैंक अधिकारियों की भूमिका की जांच एजेंसियों ने कभी जांच नहीं की। उन्होंने विजय माल्या समेत कई दूसरे मामलों का उदाहरण देते हुए अपनी दलीलें रखीं। स्वामी ने कहा कि रिस्क मैनेजर की भूमिका किसी व्यक्ति की लोन देने से पहले उसे लेकर रिस्क का आकलन करने की होती है। इसके बावजूद रिस्क मैनेजर से कभी पूछताछ नहीं की गई।
उन्होंने कहा यस बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र से संबंधित घोटाले में रिजर्व बैंक के अधिकारियों की भूमिका की जांच नहीं की गई। उन्होंने रिजर्व बैंक अधिकारियों पर नियम-कानून का उल्लंघन कर काम करने का आरोप लगाया। स्वामी ने कहा कि रिजर्व बैंक के अधिकारियों ने रिजर्व बैंक कानून, बैंकिग विनिमयन कानून और भारतीय स्टेट बैंक कानून समेत दूसरे कानूनों का खुलेआम उल्लंघन किया।



