
MADHUBANI:- मतगणना में प्रत्येक टेबुल पर एक सुपरवाइजर व दो सहायक होंगे, 7 अप्रैल को होगी मतगणना
मधुबनी- 05 अप्रैल। स्थानीय डीआरडीए सभागार में मंगलवार को डीएम अमित कुमार ने मतगणना सुपरवाइजर,मतगणना सहायक एवं मतगणना माइक्रो आब्जर्वर को संबोधित किया। उन्होंने मतगणना से संबंधित विस्तृत जानकारी दिया। कहा कि प्रत्येक टेबुल पर राउंड वार संबंधित मतदान केंद्र की मतपेटिका, मतपत्र लेखा और पेपरसील लेखा दिया जाएगा। मतपेटी, पेपरसील की जांच एवं वह उसी मतदान केंद्र से संबंधित है उसकी जांच, सारे मतपत्र का 50-50 का बंडल बनाकर एआरओ टेबल पर रखना। पुनः दिए गए बंडल को खोल कर वैध, अवैध एवं संदेहास्पद मत पत्र का अलग -अलग बंडल बनाना। फिर वैध मतपत्र का अभ्यर्थी वार बंडल बनाकर प्रपत्र भरकर एआरओ टेबल पर रखा जाएगा। वैध एवं अवैध मतपत्र के बारे में विस्तार से बताया गया तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रत्येक टेबुल पर एक मतगणना सुपरवाइजर, दो मतगणना सहायक एवं एक मतगणना माइक्रो आब्जर्वर रहेंगे। इन टेबुल पर केवल प्रथम वरीयता के आधार पर मतों की गणना की जायेगी। यदि कोटा यानि वैध मत के आधे से एक अधिक किसी अभ्यर्थी को प्राप्त हो जाय तो गणना वहीं समाप्त हो जायेगी। कोटा प्राप्त नहीं होने पर अगले राउंड की गणना ए आरओ टेबल पर की जायेगी।
मतगणना पदाधिकारियों को उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार,पीजीआरओ बेनीपट्टी किशोर कुमार एवं अवर निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार ने भी संबोधित किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीडीसी विशाल राज,प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह पी जीआरओ जियाउर रहमान,डीपीआरओ शैलेन्द्र कुमार एवं मास्टर ट्रेनर आफाक अहमद,पवन कुमार लाल कर्ण,राघवेन्द्र प्रसाद सिंह, संजय श्रीवास्तव,राकेश कुमार ठाकुर, एजाज अहमद आदि थे।



