
टांके में गिरे बच्चे को बचाने मां ने भी लगाई छलांग,दोनों की मौत
बाड़मेर- 06 मार्च। चौहटन थानान्तर्गत केरनाडा गांव में रविवार को टांके में गिरे बेटे को बचाने के लिए मां ने छलांग लगा दी। पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने पीहर पक्ष को सूचना दे दी है। पीहर पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
पुलिस के अनुसार केरनाड़ा गांव में रविवार सुबह तीन वर्षीय बेटा कृष्ण कुमार घर आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते पानी से भरे टांके में गिर गया। बेटे को टांके में गिरा देखकर विवाहिता चतरू (25) पत्नी जोगाराम ने चिल्लाते हुए टांके में छलांग लगा दी। टांके में पानी ज्यादा होने के कारण दोनों डूब गए। चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग व परिजन उसे चौहटन अस्पताल लेकर आए। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों के शव चौहटन मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाए है।
मृतका चतरू की शादी सात साल पहले हुई थी। चतरू के दो बेटे एक 5 वर्ष का जगदीश, दूसरा कृष्ण कुमार है। पति सांचौर में लकड़ी का काम करता है। रविवार सुबह घर दो बेटे के साथ विवाहिता अकेली ही थी। ससुर चौहटन मजदूरी के लिए गया हुआ था। सास पड़ोस में गई हुई थी।



