
PATNA:- आचार्य श्री निकेतन के बारहवीं की छात्राओं को दी गई विदाई
पटना- 02 मार्च। आचार्य श्री सुदर्शन कृष्णा निकेतन/ट्रांसपोर्ट नगर पटना में बारहवीं कक्षा की छात्राओं का विदाई समारोह मनाया गया। विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष राजऋषि सुदर्शन जी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारम्भ किया। ग्यारहवीं की छात्राओं द्वारा गाई गई गणपति वंदना,विदाई गीत एवं कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आगत अतिथियों और अभिभावकों सहित सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। राजऋषि महाराज जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें विद्यार्थी जीवन को ज्ञानार्जन का साधनाकाल बताया। नई शिक्षा नीति के अनुसार जीवन में पढ़ाई के साथ खेल-कूद जैसी अन्य गतिविधियों का महत्व भी उन्हें बताया। फिर उन्होंने उपदेश के लहजे में सदाचार,सच्चरित्रता और संस्कार के मार्ग पर चलते हुए उनके सफल और मंगलमय भावी जीवन की उन्हें शुभकामनाएँ दीं। मौके पर विद्यालय के सचिव सह उपाध्यक्ष डॉ कुमार अरुणोदय ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए उनको काफी सराहा एवं हौसला आफजाई की। शैक्षणिक सत्र में कई गतिविधियों में सफल छात्राओं को उन्होंने पुरस्कृत भी किया। इस यादगार अवसर पर विद्यालय के उप प्राचार्य डॉ प्रभात कुमार सिंह,प्रबंधक सुशिल कुमार पाण्डेय सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे।
अंत में विद्यालय की प्राचार्या डॉ पुष्पा सिंह घ ने अपने धन्यवाद संबोधन में शिक्षा और संस्कार को संजोए रखने वाली कृष्णा निकेतन की छात्राओं को समाज का गौरव बताते हुए उनके सफल सुखमय जीवन की कामनाएं जताई।



