
UP:- गठबंधन प्रत्याशी के खिलाफ देशद्रोह के मुकदमे पर राजनीति गर्म
बिजनौर- 04 फरवरी। बिजनौर में गठबंधन प्रत्याशी डॉक्टर नीरज चौधरी के खिलाफ हुए राष्ट्रद्रोह का मुकदमे का मुद्दा अब गर्माता जा रहा है। अधिवक्ताओं के साथ अब इस मुकदमे के विरोध में भारतीय किसान यूनियन भी आ गई है। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जिला प्रशासन के कुछ अधिकारियों पर योगी सरकार के दबाव में आकर कुछ असामाजिक लोगों द्वारा समाज का माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। वही किसान यूनियन का कहना है कि प्रशासन कुछ षड्यंत्रकारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज न कर पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाकर पीड़ित गठबंधन प्रत्याशी नीरज चौधरी के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसके विरोध में यूनियन ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है। उधर कस्बा मण्डावर में भी एडवोकेट के एक प्रतिनिधिमण्डल ने जिलाधिकारी को दिये गये ज्ञापन में डाॅ नीरज के विरुद्ध देश द्रोह की धाराओं में दर्ज मुकदमे को गलत बताते हुए वापस लिए जाने की मांग की है |
गौरतलब है कि गठबंधन रालोद प्रत्याशी डाॅ नीरज अपने प्रचार के लिए शहर के एक मोहल्ले में घूमे थे, जिसकी वायरल हुई विडियो में पाकिस्तान जिन्दाबाद के नारे भी लगते सुनाई दिये। जिसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था, प्रत्याशी डाॅ नीरज का कहना है ऐसी कोई नारेबाजी नही हुई। ये किसी ने एडिट करके उन्हें फंसाने का प्रयास किया है। जिसे पाकिस्तान जिन्दाबाद बताया जा रहा है, वह आकिब जिन्दाबाद का नारा था जिसके साथ छेड़छाड़ की गई है।



