
श्रीमद्भागवत कथा का दूसरा दिन: अपमान ही बना ध्रुव के लिए वरदान: आचार्य विनय चेतन शास्त्री
मधुबनी- 21 नवंबर। पंडौल प्रखंड के हरिपुर ड्योढ़ी में बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा के सहयोग से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन कथा व्यासपीठ से आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज ने भक्त ध्रुव के चरित्र का मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भागवत केवल कथा नहीं है, यह जीवन को बदलने वाला ग्रंथ है। जो इसे श्रद्धा से सुनता है, उसका जीवन अपने आप सुधर जाता है।
महाराज जी ने कहा कि ध्रुव की कथा हमें यह सिखाती है कि उम्र छोटी हो सकती है, पर संकल्प बड़ा होना चाहिए। भक्ति के लिए न धन चाहिए, न पद चाहिए, न बड़ी उम्र चाहिए। चाहिए तो केवल सच्चा मन और अटूट विश्वास।
राजा उत्तानपाद के पुत्र ध्रुव की कथा सुनाते हुए महाराज जी ने कहा कि बालक ध्रुव मात्र पांच वर्ष के थे। एक दिन वे अपने पिता की गोद में बैठना चाहते थे। लेकिन सौतेली माँ सुरुचि ने उन्हें गोद से उतार दिया और कहा कि यदि राजा की गोद में बैठना है तो भगवान की तपस्या करके मेरे गर्भ से जन्म लो।
यह बात बालक ध्रुव के हृदय में तीर की तरह लगी। वे रोते हुए अपनी मां सुनीति के पास गए। मां ने समझाया कि बेटा, यदि दुनिया की गोद नहीं मिली तो कोई बात नहीं, भगवान की गोद तो सबसे बड़ी है। जो भगवान की शरण में जाता है, उसे दुनिया की कोई ताकत हरा नहीं सकती।
मां की बात सुनकर बालक ध्रुव घर छोड़कर वन की ओर चल पड़े। रास्ते में उन्हें देवर्षि नारद मिले। नारद जी ने पहले उनकी परीक्षा ली। उन्होंने कहा कि बेटा, तुम अभी छोटे हो, खेलने-कूदने की उम्र है, तपस्या का मार्ग बहुत कठिन है। वापस घर लौट जाओ। लेकिन ध्रुव अडिग रहे। उन्होंने कहा कि मुझे भगवान चाहिए, मुझे किसी और चीज से मतलब नहीं।
नारद जी ने ध्रुव की दृढ़ता देखकर उन्हें द्वादशाक्षर मंत्र दिया “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय।” और कहा कि बेटा, मधुवन में जाकर भगवान का ध्यान करो। महाराज जी ने कहा कि यही भक्ति की पहली सीढ़ी है। गुरु का मिलना। बिना गुरु के भक्ति का मार्ग नहीं मिलता। ध्रुव को नारद जैसे गुरु मिले और फिर उन्होंने तपस्या शुरू की।
पांच वर्ष के बालक ने मधुवन में कठोर तप किया। पहले महीने में तीन दिन में एक बार फल खाया, दूसरे महीने में छह दिन में एक बार, तीसरे महीने में नौ दिन में एक बार। फिर जल भी त्याग दिया। फिर वायु पर ही रहने लगे। अंत में उन्होंने एक पैर पर खड़े होकर, श्वास रोककर भगवान का ध्यान किया।
महाराज जी ने भावुक होकर कहा कि जब एक छोटा बालक भगवान के लिए इतना कष्ट सह सकता है, तो हम बड़े होकर थोड़ी सी कठिनाई आते ही भगवान को क्यों भूल जाते हैं? हम मंदिर तभी जाते हैं जब काम हो। ध्रुव ने भगवान को पाने के लिए सब कुछ छोड़ दिया, और हमने भगवान को छोड़कर सब कुछ पाने में लगे हैं। यही फर्क है।
ध्रुव की तपस्या से तीनों लोक हिल गए। अंत में भगवान विष्णु स्वयं प्रकट हुए। भगवान ने ध्रुव को दर्शन दिए। अपने शंख से उनके गाल को स्पर्श किया। उस स्पर्श से ध्रुव के हृदय में ज्ञान का प्रकाश फैल गया। ध्रुव ने भगवान की स्तुति की।
महाराज जी ने कहा कि भगवान ने ध्रुव को वरदान दिया कि तुम अटल पद को प्राप्त करोगे। आज भी आकाश में ध्रुव तारा सबसे स्थिर है। सप्तर्षि भी उसकी परिक्रमा करते हैं। यह भक्ति की शक्ति है। जो अटल भक्ति करता है, उसे अटल पद मिलता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि जीवन में अपमान से घबराएं नहीं। अपमान ही ध्रुव के जीवन का वरदान बन गया। यदि सुरुचि ने ध्रुव का अपमान नहीं किया होता, तो ध्रुव कभी वन नहीं जाते। कभी भगवान को नहीं पाते। इसलिए जीवन में जो दुख आता है, उसे भगवान की कृपा समझो।
कथा के अंत में महाराज जी ने कहा कि आज के बच्चों को ध्रुव से सीखना चाहिए। मोबाइल और टीवी में समय बर्बाद करने के बजाय थोड़ा समय भगवान के नाम में लगाएं। माता-पिता को भी चाहिए कि बच्चों को ध्रुव की कथा सुनाएं। कथा के समापन पर आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।



