
MADHUBANI:- खिरहर में मिली 12वीं शताब्दी की विष्णु मूर्ति, संग्रहालय में जमा करने की मांग
मधुबनी, 21 नवंबर। सोशल मीडिया से सूचना मिली है कि मधुबनी जिला के हरलाखी थानांतर्गत खिरहर गांव में विष्णु भगवान की एक मूर्ति मिली है। बताया जा रहा है कि यह मूर्ति मिथिला के कर्णाटवंशी राजाओं के समय की है। मूर्ति बारहवीं शताब्दी की है तथा इसका मूर्ति शिल्प अत्यंत विलक्षण है। यह भग्न मूर्ति है, इसलिए शास्त्रों के अनुसार इसकी पूजा निषेध है। मिथिला की संस्कृति को संरक्षित करने हेतु नियमानुसार इस मूर्ति को सरकारी संग्रहालय में जमा किया जाना चाहिए।

इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटैक) बिहार राज्य के को-कन्वेनर शिव कुमार मिश्र ने इस संबंध में संबंधित पदाधिकारी को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि इस मूर्ति को मिथिला ललित संग्रहालय, सौराठ, मधुबनी में जमा करने हेतु समुचित निदेश प्रदान करने की कृपा की जाए।
उन्होंने कहा है कि यह मूर्ति मिथिला की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। इसका संरक्षण जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां मिथिला के गौरवशाली इतिहास और मूर्ति शिल्प कला से परिचित हो सकें।



