
MADHUBANI:- फुलपरास में मिथिलांचल संघर्ष समिति का धरना, मुख्यमंत्री को एसडीओ के माध्यम से सौंपा मांग पत्र
मधुबनी, 21 नवंबर। मिथलांचल संघर्ष समिति की ओर से शनिवार को भूतही बलान के पूर्वी एवं पश्चिमी तटबंध सह सड़क निर्माण सहित सात सूत्री मांगों के समर्थन में फुलपरास अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। धरना बाद मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र एसडीओ के माध्यम से सौंपा गया। धरना को समिति अध्यक्ष ई. गौड़ी शंकर यादव,धर्मेन्द्र मंडल रामलखन यादव इं. शत्रुघ्न यादव सुशील कामत सरोज यादव शंकर झा, राम सुन्दर टरैत सिद्धार्थ कुमार संजय कुमार यादव महादेव यादव, मो. शाकीर, बलराम साह, मो. हैदर अली, संजय निराला सहित अन्य ने संबोधित किया।
समिति ने ज्ञापन में सात प्रमुख मांगें रखी हैं। जिसमें भूतही बलान नदी के पूर्वी एवं पश्चिमी तटबंध का लौकहा (बनरझूली) से परसा, बसुआरी रेलवे लाइन तक दोनों तटबंधों का पक्कीकरण तथा रेलवे लाइन से सहोरबा होते हुए भेजा तक विस्तार किया जाए एवं दोनों तटबंधों के साथ बेहतर सड़क का निर्माण कराया जाए।
भूतही बलान नदी पर टेंगरार एवं महुआर के समांतर पुल का निर्माण कराया जाए। घोघरडीहा-किसनीपट्टी से देवध, ब्रह्मपुरा-इस्लामपुर तक एवं मैनही चौर में हजारों एकड़ खेतिहर जमीन में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
घोघरडीहा-निर्मली लिंक रोड का चौड़ीकरण कराया जाए। तटबंध के किनारे उपयुक्त स्थानों पर हाट-बाजार का निर्माण कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं।
जल संचय की समुचित व्यवस्था कर वोटिंग प्वाइंट विकसित किया जाए, जिससे पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिले। भूतही बलान के दोनों तटबंधों के बीच बसे फुलपरास पूर्वी टोला, बलुआही टोल, कालीपुर एवं गोनाही टोल को चारों ओर सुरक्षा बांध बनाकर बाढ़ एवं कटाव से सुरक्षित किया जाए शामिल है।
इसके साथ ही फुलपरास अनुमंडल क्षेत्र में बढ़ते अपराध एवं अव्यवस्था को नियंत्रित करने की भी मांग की गई है। समिति ने कहा है कि इन मांगों को उचित माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की कृपा की जाए। समिति को पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल करेंगे।



