बिहार

2037 तक समृद्ध बिहार की कल्पना को जमीन पर उतारना लक्ष्य: मुख्यमंत्री

वैशाली, 21 नवंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2037 में जब बिहार अपनी स्थापना के 125 वर्ष पूरे करेगा, तब तक राज्य को समृद्ध बनाने की कल्पना को जमीन पर उतारना सरकार का लक्ष्य है। देश का विकास तभी संभव है, जब बिहार समृद्ध होगा। वैशाली जिले के जन्दाहा-राजापाकर औद्योगिक क्षेत्र के जाफरापट्टी में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बातें कहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शनिवार को करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया है। इन योजनाओं से बिहार में विकास और समृद्धि का नया रास्ता खुलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में अब लोगों का रुझान वापस लौटने की ओर बढ़ रहा है। इस बार छठ पर्व के दौरान केंद्र सरकार ने रेलवे से लेकर विमान सेवाओं तक में सहयोग किया, जिससे बाहर रहने वाले बिहार के लोगों को अपने घर पहुंचकर छठी मैया की पूजा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि सबसे गर्व की बात यह रही कि एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर छठी मैया के गीत गूंज रहे थे।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के सहयोग कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि 19 मई से शुरू इस कार्यक्रम के तहत अब तक करीब 10.50 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। सरकार ने आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए समयसीमा निर्धारित की है। यदि 10 दिनों के भीतर कोई अधिकारी आदेश पारित नहीं करता है, तो मुख्यमंत्री कार्यालय से पहला नोटिस भेजा जाता है। 20 दिनों में कार्रवाई नहीं होने पर 21वें दिन दूसरा और 25वें दिन तीसरा नोटिस जारी किया जाता है। इसके बावजूद 30 दिनों में काम नहीं होने पर 31वें दिन संबंधित अधिकारी को निलंबित करने की कार्रवाई की जाती है।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को मिले जनादेश का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार और राजग को 202 सीटों पर जीत दिलाकर अपना विश्वास जताया है। उन्होंने इसके लिए राज्य की जनता को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में राजग सरकार को एक वर्ष पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में शनिवार को ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चर्चा कर रहे थे कि पुल पर नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं है, लेकिन यह पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है, क्योंकि इसका नाम उनके नाम पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के लाखों युवा पढ़ाई, रोजगार और कामकाज के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं। सरकार ने अब राज्य में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में सड़क, बिजली, पानी और बुनियादी ढांचे के विकास पर काम हुआ है। अब राजग सरकार बिहार में उद्योगों का जाल बिछाने की दिशा में काम कर रही है। वैशाली जिले में करीब एक लाख लोगों को रोजगार देने की योजना है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से राज्य के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए करीब 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। सरकार चाहती है कि राज्य में उद्योगों के साथ-साथ कौशल विकास के संस्थान भी स्थापित हों। इसी कड़ी में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर जल्द ही स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैशाली की धरती से रामविलास पासवान का भी विशेष जुड़ाव रहा है। केंद्र सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि बिहार के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। पहले बच्चे सैनिक स्कूल, रामकृष्ण मिशन और रेतरहाट जैसे संस्थानों में पढ़ने का सपना देखते थे। नीतीश कुमार ने सिमुलतला आवासीय विद्यालय की स्थापना की। अब सरकार 700 स्थानों पर सरस्वती विद्या निकेतन स्थापित कर रही है, जहां करीब साढ़े चार लाख बच्चों को शिक्षा देने की व्यवस्था की गई है। सरकार की योजना है कि रात एक बजे भी किसी बच्चे को शिक्षक की जरूरत पड़े तो उसे ऑनलाइन शिक्षक उपलब्ध कराया जा सके।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!