
MADHUBANI:- बोरे में बंद मिला शव… क्या फरार ASI चंद्रमोहन सिंह की हो गई हत्या? आधार कार्ड से मची सनसनी
मधुबनी, 12 नवंबर। जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में गुरुवार शाम बोरे में बंद एक शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूत्रों के अनुसार, शव के पास से फरार ASI चंद्रमोहन सिंह का आधार कार्ड बरामद होने की सूचना है। अब बोरे में मिले शव ने इस पूरे मामले को और भी पेचीदा बना दिया है।

चेहरे पर गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं, जिससे शव की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। हालांकि, शव ASI चंद्रमोहन सिंह का ही है या नहीं! इसको लेकर अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार मधुबनी से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। बरामद दस्तावेजों और रिवॉल्वर का शव से क्या संबंध है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
बतादें कि यह वहीं ASI चंद्रमोहन सिंह हैं, जो बाबूबरही फायरिंग और हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। SSP योगेंद्र कुमार ने आरोपी पर पहले घोषित 25 हजार रुपये के इनाम को बढ़ाकर 3 लाख रुपये करने के लिए उच्चस्तरीय विभाग को संस्तुति भेजी है, ताकि आम लोग सूचना देने में रुचि ले सकें। फरार ASI को दबोचने के लिए पुलिस की 12 विशेष टीमों का गठन किया था। इनमें से कई टीमें राज्य और देश की सीमाओं से बाहर भी दबिश दे रही थी। जबकि जिले के विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने अब तक 14 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी।
गौरतलब है कि बीते दिनों बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह एक घर में कथित संबंध के चलते महिला से मिलने पहुंचा था। लड़की के शोर मचाने पर आरोपी ने घबराकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी। इस गोलीबारी में चार लोगों को गोलियां लगीं, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है।



