
MADHUBANI: छठ पूजा को लेकर वार्ड 40 में पार्षद विभा देवी ने 500 से अधिक व्रतियों को बांटी साड़ी, चेहरे पर दिखी खुशी
मधुबनी, 12 नवंबर। महापर्व छठ को लेकर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 40 में खुशियों का माहौल है। सशक्त स्थाई समिति सदस्य सह वार्ड पार्षद विभा देवी द्वारा 500 से अधिक छठ व्रतियों के बीच साड़ी का वितरण किया गया। साड़ी पाकर व्रतियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
साड़ी वितरण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, व्रती और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पार्षद विभा देवी ने स्वयं अपने हाथों से एक-एक व्रती को साड़ी भेंट की। इस दौरान महिलाओं ने पार्षद के इस कार्य की सराहना की और आशीर्वाद भी दिया।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि साजन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और समर्पण का पर्व है। इस पर्व में व्रती 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखते हैं। ऐसे में व्रतियों की सेवा करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हर साल छठ के मौके पर व्रतियों के लिए साड़ी और अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाता है। इस बार भी 500 से अधिक व्रतियों को साड़ी दी गई है।
उन्होंने कहा कि वार्ड 40 में छठ घाटों की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा की व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
साड़ी पाने वाली व्रतियों ने कहा कि पार्षद विभा देवी हर साल छठ में उनकी मदद करती हैं। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को काफी राहत मिलती है। लोगों ने कहा कि पार्षद का यह कार्य समाज सेवा की सच्ची मिसाल है।



