
चित्रगुप्त पूजा पर मधुबनी में सेवा की मिसाल, 50 से अधिक मरीजों के दांतों की हुई निःशुल्क जांच
मधुबनी, 12 नवंबर। चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर घोषित निःशुल्क डेंटल कैंप आज कीर्तन भवन रोड स्थित प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डा. उमेश श्रीवास्तव के क्लिनिक पर लगाया गया।
कैंप में 50 से अधिक लोगों का इलाज किया गया। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को दवा भी दी गई। सुबह से ही क्लिनिक पर लोगों की भीड़ लगी रही।
कैंप में दंत चिकित्सक डा. उमेश श्रीवास्तव द्वारा दांतों की निःशुल्क जांच, परामर्श और दांतों की देखभाल की जानकारी दी गई। डा. उमेश श्रीवास्तव ने बताया कि चित्रगुप्त पूजा के पावन अवसर पर समाज सेवा के रूप में यह कैंप लगाया गया है। इसका उद्देश्य आम लोगों को दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
डा. उमेश श्रीवास्तव ने बताया कि कैंप में आए अधिकांश मरीजों को दांतों और मसूढ़ों से जुड़ी आम शिकायतें थीं। दांतों में सड़न और कीड़ा लगना, ठंडा-गर्म लगना और दांतों में झनझनाहट, मसूढ़ों से खून आना और सूजन, मुंह से बदबू आना, दांतों पर पीलापन और टार्टर जमना तथा बच्चों में दांतों का टेढ़ा-मेढ़ा निकलना जैसी समस्या को दूर करने पर जोर देते हुए कहा कि लोग अक्सर दांत दर्द को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे छोटी समस्या बाद में बड़ी हो जाती है। समय पर जांच कराने से दांत को बचाया जा सकता है।
डा. उमेश श्रीवास्तव ने कहा कि सुबह और रात सोने से पहले नरम ब्रश से कम से कम 2 मिनट तक ब्रश करें। रात का ब्रश सबसे ज्यादा जरूरी है। ब्रश करते समय मसूढ़ों से खून आना मसूढ़ों की बीमारी का शुरुआती लक्षण है। यह विटामिन-सी की कमी या टार्टर जमने से होता है। तुरंत जांच कराएं।
डा. श्रीवास्तव ने कहा कि मधुबनी क्षेत्र में पान-गुटखा से मुंह का कैंसर और मसूढ़ों की बीमारी सबसे ज्यादा हो रही है। इससे दांत भी खराब होते हैं और मसूढ़े सड़ने लगते हैं। चॉकलेट, मिठाई, कोल्ड ड्रिंक के बाद मुंह में कुल्ला जरूर करें। मीठा दांतों में सड़न का सबसे बड़ा कारण है। दांत में दर्द न भी हो, तब भी हर 6 महीने में एक बार दांतों की जांच जरूर कराएं। बच्चों के दांतों की जांच और भी जरूरी है।
रात में बोतल से दूध पीकर सोने वाले बच्चों के दांत जल्दी सड़ते हैं। सोने से पहले बच्चों के मुंह की सफाई जरूर करें। बोतल का ढक्कन खोलना, धागा काटना, सुपारी तोड़ना दांतों के लिए खतरनाक है। इससे दांत टूट सकते हैं। दांत एक बार खराब हो गया तो दोबारा प्राकृतिक दांत नहीं मिलता। इसलिए बचाव ही सबसे अच्छा इलाज है। साफ-सफाई और समय पर जांच से आप अपने दांतों को जीवनभर स्वस्थ रख सकते हैं।



