
BIHAR:- सिवान में मदरसा बोर्ड अध्यक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, फोटो पर चप्पल से की पिटाई; भ्रष्टाचार का आरोप
सिवान- 12 नवंबर। बिहार राज्य मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष सलीम परवेज के खिलाफ सिवान में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सलीम परवेज के पोस्टर-कटआउट पर चप्पल से पिटाई की। उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी “सलीम परवेज चोर है” के नारे लगाते नजर आए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मदरसा बोर्ड में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है, फंड का दुरुपयोग हो रहा है और नियुक्तियों में भी गड़बड़ी की गई है। कई बार शिकायत के बावजूद अध्यक्ष ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि चप्पल से पिटाई सांकेतिक विरोध है। अगर अध्यक्ष ने इस्तीफा नहीं दिया तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मीडिया से बात करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग टेंट के नीचे जुटे थे।



