
BIHAR: दीपावली-छठ से पहले सभी शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मियों को मिलेगा वेतन, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
पटना, 07 नवंबर। बिहार सरकार ने दीपावली एवं छठ महापर्व से पहले सभी कर्मियों का वेतन भुगतान करने का निर्णय लिया है। इसको लेकर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है। शिक्षा विभाग के पत्र के आलोक में यह निर्देश दिया गया है।
पत्र में कहा गया है कि सरकार द्वारा सभी कर्मियों का वेतन भुगतान दीपावली एवं छठ महापर्व के पूर्व करने का निर्णय लिया गया है। आशा है कि आपके जिला अन्तर्गत सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मियों के एचआरएमएस पोर्टल पर उनकी प्रविष्टि के सत्यापन की कार्रवाई पूर्ण कर ली गई होगी। इस संबंध में अधोहस्ताक्षरी द्वारा कई बार निर्देश दिए गए हैं।
उक्त के आलोक में अपने जिला अन्तर्गत आने वाले सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मियों का वेतन भुगतान नियमानुसार दीपावली पर्व से पूर्व करना सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही निर्देश दिया गया है कि सभी कर्मियों के वेतन भुगतान उपरांत इसकी सूचना मुख्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इसे अत्यावश्यक समझा जाए।



