
NEPAL: कौओं को पकवान खिलाकर मनाया गया काग तिहार, कागेश्वरी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
काठमांडू, 07 नवंबर। नेपाल में शनिवार सुबह कौओं को स्वादिष्ट पकवान खिलाकर काग तिहार मनाया जा रहा है। हिंदू धार्मिक मान्यता के अनुसार, कौए को मृत्यु और न्याय के देवता यमराज का संदेशवाहक माना जाता है।
काग तिहार तेरस (त्रयोदशी) के दिन मनाया जाता है। यह रोशनी के पर्व तिहार के पांच दिवसीय उत्सव यानी यमपंचक का एक हिस्सा है।
नेपाल पंचांग निर्णायक विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. पुरुषोत्तम भट्टराई ने बताया कि धार्मिक शास्त्रों के अनुसार काग तिहार त्रयोदशी के दिन सुबह मनाया जाना चाहिए। इसी मान्यता के आधार पर आज काग तिहार मनाने का निर्णय लिया गया है।
इस अवसर पर आज कागेश्वरी मनोहरा नगरपालिका स्थित कागेश्वरी महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। इसी तरह, हनुमानढोका स्थित कागेश्वरी मंदिर में भी कौओं की विशेष पूजा की जाती है। श्रद्धालुओं ने सुबह से ही घरों की छतों, आंगन और मंदिर परिसर में कौओं के लिए भात, रोटी, मिठाई और अन्य पकवान रखे।
तिहार पर्व के पीछे धार्मिक मान्यता है कि यमराज बुरे कर्म करने वालों को दंडित करते हैं, जबकि अच्छे कर्म करने वालों की रक्षा करते हुए धर्मराज का रूप धारण करते हैं। इसी कारण यमपंचक में पहले दिन कौए की पूजा कर उसे प्रसन्न किया जाता है, ताकि वह यमराज तक शुभ संदेश पहुंचाए।



