
भूतही बलान नदी पर डैम, पक्का तटबंध और रिवर फ्रंट की मांग, विजय कुमार यादव ने रखी “चार काम, एक विकास” की मांग
मधुबनी, 07 नवंबर। फुलपरास विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं दुर्गा माता मंदिर सेवा ट्रस्ट, रामनगर के संस्थापक अध्यक्ष विजय कुमार यादव ने भूतही बलान नदी (लौकहा से घोघरडीहा तक) के विकास की बड़ी योजना की मांग रखी है।
विजय कुमार यादव ने कहा है कि भूतही बलान नदी नेपाल से आकर लौकहा से घोघरडीहा तक बहती है। दोनों तरफ कच्चा तटबंध, अंधेरा और सड़क न होने के कारण यह इलाका असामाजिक कार्य और बालू माफिया का अड्डा बन गया है।
उन्होंने “चार काम, एक विकास” की मांग रखी है। जिसमें घोघरडीहा के पास डैम फाटक निर्माण शामिल है। डैम बनने से नदी में साल भर पानी ठहरा रहेगा। किसानों को सिंचाई मिलेगी, मछली पालन होगा, बाढ़ नियंत्रण में रहेगी, और बालू माफिया का अवैध खनन बंद हो जाएगा।
पूर्वी और पश्चिमी दोनों तटबंधों का पक्कीकरण और बिजली लगाए जाने से असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगेगी।
उन्होंने कहा कि रिवर फ्रंट और पिकनिक पॉइंट बनाए जाने से होटल, गाड़ी, नाव, स्टीमर, दुकान चलेगी। लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। दूर-दराज से पर्यटक आएंगे और यह स्थान मिथिला का सबसे खास और बड़ा शहर बनेगा।
विजय कुमार यादव ने कहा कि रिवर फ्रंट और पिकनिक प्वाइंट बनने से इलाके के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे मिथिला की संस्कृति, आस्था और इतिहास को नई पहचान मिलेगी और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय लोगों की आमदनी भी बढ़ेगी।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस योजना को संज्ञान में लेकर तुरंत उचित कदम उठाए जाएं।



