
PAKISTAN:- पंजाब में सड़क हादसा, 11 लोगों की मौत, 33 जख्मी
लाहौर (पंजाब) पाकिस्तान- 06 नवंबर। पाकपट्टन के पास एक यात्री बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए। रेस्क्यू 1122 ने बताया कि यह हादसा गुरुवार को हुआ। हादसे में 11 लोग मौके पर मारे गए। आठ लोगों को मामूली चोट आई है। 25 अन्य लोगों को पाकपट्टन के जिला मुख्यालय अस्पताल (डीएचक्यू)) में भर्ती कराया गया।
पाकपट्टन ऐतिहासिक शहर है। यह पंजाब सूबे के मध्य-दक्षिण हिस्से में सतलुज नदी के दाएं तट पर स्थित है। पाकपट्टन जिले का मुख्यालय भी है। प्रांत की राजधानी लाहौर से यह दक्षिण-पश्चिम में लगभग 179 से 184 किलोमीटर और मुल्तान से लगभग 205 किलोमीटर दूर है। यह भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर है।
डान समाचार पत्र की रिपोर्ट में जिला प्रशासन की प्रेस विज्ञप्ति के हवाले से बताया गया है कि यह हादसा देपालपुर रोड पर हुआ। मुल्तान से कसूर जा रही एक यात्री बस और विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक के बीच टक्कर हो गई। सूचना पाकर जिला उपायुक्त आसिफ रजा और जिला पुलिस अधीक्षक जावेद इकबाल चधर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू 1122 और जिला प्रशासन की टीमों के साथ मिलकर बचाव कार्यों की निगरानी की। विज्ञप्ति के अनुसार, तीन घंटे तक चले बचाव अभियान में क्रेन और अन्य भारी मशीनों का इस्तेमाल करके मलबे में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस घटना पर गहरा शोक और दुख व्यक्त किया। राष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने भी इस हादसे में लोगों की जान जाने पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री मरियम ने घायल यात्रियों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। नेशनल असेंबली के स्पीकर सरदार अयाज सादिक ने भी शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है।



