
मधुबनी नगर निगम के वार्ड 21 के चकदह गुलटेनी पोखर पर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण की मापी शुरू
मधुबनी- 03 नवंबर। नगर निगम के वार्ड 21 स्थित चकदह गुलटेनी पोखर के अतिक्रमण मामले में रहिका अंचल प्रशासन ने मापी कार्य शुरू कर दिया है।
3 नवंबर को अंचल अमीन महादेव कुमार पोखर पर पहुंचे और मापी शुरू की। अमीन ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की, सरकारी नक्शा और जमीन के अभिलेखों से पोखर की सीमा का मिलान किया।
अमीन ने बताया कि पोखर की विस्तृत मापी कर कितनी जमीन पर अतिक्रमण है, इसकी रिपोर्ट तैयार कर अंचल कार्यालय को सौंपी जाएगी। इसके बाद अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया जाएगा और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी।
बता दें कि इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय की क्विक रिस्पांस टीम ने संज्ञान लिया था। नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता ने 14 अक्टूबर को पत्रांक-11/जीआईटी के माध्यम से रहिका अंचलाधिकारी को तीन घंटे के अंदर तथ्यात्मक प्रतिवेदन देने और अतिक्रमण हटाने का सख्त निर्देश दिया था।
स्थानीय निवासी मिहिर झा और आरटीआई एक्टिविस्ट सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी लंबे समय से पोखर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग कर रहे हैं। मापी शुरू होने पर ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार जताया है।
वहीं रहिका अंचल अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि मापी के लिए अमीन प्रतिनियुक्त किया गया है, प्रतिवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



