
MADHUBANI: नगर निगम वार्ड 21: सड़क के बीचों-बीच अधूरा नाला, लोगों का चलना दूभर, आक्रोश
मधुबनी – 01 नवंबर। मधुबनी नगर निगम के वार्ड 21 चकदह में लापरवाही की हद हो गई है। यहाँ नाला का निर्माण सड़क के बीचों-बीच कर दिया गया है और उसे भी अधूरा छोड़ दिया गया है।
ब्रह्मस्थान से रविदास टोला होते हुए स्वतंत्रता सेनानी स्व. बुचनी झा के घर तक बन रहा यह नाला करीब 15 दिनों से ठप पड़ा है। संवेदक मौके से गायब है। तस्वीर में साफ दिख रहा है कि पूरी गली घेर कर बीच सड़क पर नाला ढका है, आगे गड्ढा खुला है जिसमें गंदा पानी जमा है।
सड़क के बीच में नाला बनने से दोनों तरफ संकरी पगडंडी बची है। साइकिल, बाइक तो दूर, पैदल निकलना भी मुश्किल है। बुजुर्ग और बच्चों को गिरने का डर बना है। नाला निर्माण से पहले मापी नहीं की गई। रविदास टोला और ब्रह्मस्थान के आसपास के परिवारों का कहना है कि बीच सड़क पर अधूरा नाला जाम हो गया है। घरों का पानी बाहर नहीं निकल रहा, गड्ढे में सड़ रहा है। दुर्गंध से लोगों का जीना मुहाल, मच्छरों से बीमारी का खतरा बढ गया है।
मानव समृद्धि संस्थान के महेश चन्द्र झा ने कहा नाला सड़क किनारे बनना चाहिए था, बीचों-बीच बनाकर उसे भी अधूरा छोड़ना तकनीकी खामी और लापरवाही है। यह जनता के पैसे की बर्बादी है। ब्रह्मस्थान जैसा आस्था स्थल और स्वतंत्रता सेनानी के घर तक जाने वाली गली का यह हाल शर्मनाक है। नगर निगम तत्काल इसकी जांच करे और नाले को सड़क के साइड में शिफ्ट कर या पूरी सुरक्षा के साथ जल्द पूरा करे। उन्होंने मांग की है कि सड़क के बीच के अधूरे निर्माण को तुरंत ठीक कर गली को चलने लायक बनाया जाए और संवेदक पर कार्रवाई हो।



