मधुबनी में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड में विलम्ब पर RJD महासचिव ने DM को लिखा पत्र, कहा – छात्रों का भविष्य अधर में
मधुबनी – 31 अक्टूबर। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में हो रहे विलम्ब को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश महासचिव हनुमान प्रसाद राउत ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।
RJD नेता ने पत्र में कहा है कि सरकार DRCC (जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र) के माध्यम से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए चार लाख रुपये तक का ऋण देती है, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य बनता है। लेकिन इधर DRCC द्वारा ऋण स्वीकृति में भारी विलम्ब किया जा रहा है।
राउत ने लिखा कि जुलाई 2026 में जिन छात्रों ने ऋण के लिए आवेदन दिया था, उनका ऋण 31 अक्टूबर तक भी स्वीकृत नहीं हुआ है। यदि नवंबर तक पहली किस्त संबंधित शिक्षण संस्थान को नहीं पहुंची, तो छात्र दिसंबर में होने वाली प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा से वंचित हो जाएंगे। उन्हें बीच में ही पढ़ाई छोड़कर घर लौटना पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि DRCC पिक एंड चूज कर रहा है, जिससे गरीब और कमजोर वर्ग के छात्रों के अभिभावकों को कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। RJD महासचिव ने DM से मांग की है कि DRCC प्रबंधक को अविलंब निर्देश देकर लंबित ऋणों को स्वीकृत कराया जाए, ताकि छात्रों का साल बर्बाद न हो।



