
देशभर में 01 नवंबर से मोबाइल पर कॉल करने वाले का नाम भी दिखेगा, CNAP सेवा होगी लागू
दिल्ली, 31 अक्टूबर। देशभर में 01 नवंबर से मोबाइल फोन पर कॉल आने के दौरान कॉल करने वाले के मोबाइल नंबर के साथ उसका नाम भी दिखाई देने की सुविधा शुरू होने जा रही है। दूरसंचार विभाग की ओर से इस व्यवस्था को CNAP (Calling Name Presentation) सेवा के तहत लागू किया जा रहा है।
इस नई सुविधा का मुख्य उद्देश्य मोबाइल उपभोक्ताओं को अनजान नंबरों से आने वाली कॉल की पहचान करने में मदद करना है। अब तक मोबाइल स्क्रीन पर केवल कॉल करने वाले का नंबर दिखाई देता था, लेकिन CNAP सेवा शुरू होने के बाद नंबर के साथ सिम कार्ड लेते समय दर्ज कराए गए ग्राहक का नाम भी प्रदर्शित होगा।
इससे फर्जी कॉल, स्पैम कॉल और साइबर ठगी पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें रोजाना अनजान नंबरों से कॉल आती हैं।
इस व्यवस्था से मोबाइल उपभोक्ता कॉल रिसीव करने से पहले ही यह जान सकेंगे कि फोन किसके नाम से रजिस्टर्ड है। हालांकि, यह सुविधा नेटवर्क और दूरसंचार कंपनियों के तकनीकी क्रियान्वयन के अनुसार चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध हो सकती है।



