RJD में शामिल होंगे अनंत सिंह? तेजस्वी यादव के बयान से बिहार की सियासत में भूचाल
पटना – 30 अक्टूबर। बिहार की सियासत में एक बार फिर मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का नाम सुर्खियों में है। फेसबुक पर वायरल हो रहे एक वीडियो में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से सवाल पूछा गया कि क्या अनंत सिंह RJD में शामिल होने वाले हैं? इस सवाल पर तेजस्वी यादव ने सीधा जवाब तो नहीं दिया, लेकिन इशारों-इशारों में नीतीश सरकार और जदयू पर बड़ा हमला बोल दिया।
मीडिया से घिरे तेजस्वी यादव ने कहा अनंत सिंह खुद आरोप लगा रहे थे कि सरकार ने उन्हें फर्जी केस में फंसाया है। जब धोखा देकर सरकार में वापस गए तो तब सरकार अच्छी लगने लगी। अब जब फिर से जेल जाना पड़ रहा है तो सरकार खराब लगने लगी।
तेजस्वी ने जदयू नेता नीरज कुमार पर भी तंज कसते हुए कहा कि नीरज कुमार को बड़ा जल्दी पता चल गया। जब अपने बारे में बात आई तो अनंत सिंह को जेल भिजवाने के लिए खुद पेटिशनर बन गए। लेकिन जब साथ में थे, तब नीरज कुमार चुप थे। आखिर क्यों? उस समय अनंत सिंह अपराधी नहीं थे क्या?”
तेजस्वी ने शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव के नतीजों को शानदार बताया। उन्होंने कहा कि 8 सीटों पर चुनाव हुआ था, जिसमें 5 सीटों पर विपक्ष जीता है। इससे साफ है कि NDA की हवा टाइट है।
तेजस्वी ने बताया कि बारिश के कारण दिल्ली में होने वाला उनका एक तय कार्यक्रम रद्द करना पड़ा, लेकिन वो 1 नवंबर को रामलीला मैदान में जरूर रहेंगे।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए। कहा कि ज्ञानेश कुमार की जिस प्रकार की करतूत रही है, लोकतंत्र को कुचलने में, उसे सबने देखा है। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। चुनाव आयुक्त के खिलाफ हल्ला बोला जाएगा।
तेजस्वी के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि क्या अनंत सिंह वाकई में RJD का दामन थामने वाले हैं या यह सिर्फ चुनावी अफवाह है। फिलहाल तेजस्वी ने पत्ते नहीं खोले हैं।



