
MADHUBANI:- सड़क हादसे में घायलों को 1.5 लाख तक कैशलेस इलाज, मधुबनी में परिवहन विभाग द्वारा कार्यशाला आयोजित, गोल्डेन आवर पर जोर
मधुबनी- 24 अक्टूबर। जिलाधिकारी सह अध्यक्ष, सड़क सुरक्षा समिति के निर्देश पर शनिवार को जिला परिवहन कार्यालय में सड़क हादसे में घायलों के त्वरित उपचार और प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में डीएसपी ट्रैफिक, सिविल सर्जन, आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी और इम्पैनल्ड अस्पतालों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यशाला में बताया गया कि सड़क हादसे के बाद का पहला एक घंटा यानी गोल्डेन आवर सबसे अहम होता है। इस दौरान इलाज मिलने से जान बचने की संभावना बढ़ जाती है।
प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को दुर्घटना की तारीख से 7 दिनों तक अधिकतम 1 लाख 50 हजार रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। इसका मकसद इलाज में पैसे की कमी से होने वाली देरी को खत्म करना है। अस्पतालों को निर्देश दिया गया कि अस्पताल में योजना से संबंधित होर्डिंग-बैनर लगाएं।हादसे में घायल के भर्ती होते ही डायल-112 पर सूचना दें। सरकारी और निजी एंबुलेंस तुरंत उपलब्ध कराएं।



