
MADHUBANI:- जिला प्रशासन और विभा शंकर फाउंडेशन ने बढ़ाया महिला सशक्तीकरण का हाथ
मधुबनी- 24 अक्टूबर। जिला जनसंपर्क कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शनिवार को डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय जागरूकता एवं सशक्तीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन और विभा शंकर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत मिथिला पेंटिंग वाले पाग, दुपट्टा और पौधा देकर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण स्वरोजगार को लेकर रहा। फाउंडेशन द्वारा चिह्नित जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन दी गई ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही 21 बालिकाओं को नए वस्त्र और 21 बालकों को टी-शर्ट वितरित किए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक रश्मि कुमारी ने महिलाओं और किशोरियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. ऋचा झा ने कहा कि फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम करता रहेगा। मौके पर सहायक निदेशक बाल सुरक्षा नितेश पाठक, जिला मिशन समन्वयक अंजनी कुमार झा, सूर्यकांत झा, मयंक अभिषेक सहित कई अधिकारी मौजूद थे। मंच संचालन अंजनी झा ने किया।



