
युपी पुलिस की मधुबनी में बड़ी कार्रवाई, 70 करोड़ के नकली सिक्के कांड में राजनगर से मिथिलेश गिरफ्तार, 5-6 रुपये में बनता था 20 का सिक्का
मधुबनी, 23 अक्टूबर। बिहार के मधुबनी जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने मधुबनी पुलिस के सहयोग से राजनगर थाना क्षेत्र में नकली सिक्के बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उत्तरप्रदेश के सहारनपुर पुलिस ने मधुबनी जिले के राजनगर थाना पुलिस के सहयोग से लहुंगांव में छापेमारी कर मिथिलेश चौरसिया को गिरफ्तार किया है। मिथिलेश पर बाजार में करीब 70 करोड़ के नकली सिक्के खपाने वाले गिरोह से जुड़े होने का आरोप है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर नगर थाने के एसआई इकबाल सिंह तोमर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने आरोपी को अपने साथ सहारनपुर ले गई। सहारनपुर नगर थाने में ही इस संबंध में केस दर्ज है।
गिरोह का सरगना समेत 5 पहले ही गिरफ्तार—
राजनगर थानाध्यक्ष सतेन्द्र कुमार के अनुसार सहारनपुर पुलिस ने बीते 12 सितंबर को कार्रवाई कर गिरोह का खुलासा किया था। हरियाणा के सोनीपत स्थित एक बड़े औद्योगिक क्षेत्र और सहारनपुर के तीतरों में चल रही फैक्ट्री पर छापा मारकर गिरोह के सरगना उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पकड़े गए लोगों में राजनगर के लहुंगांव का संतोष चौरसिया भी शामिल था। उसकी निशानदेही और जांच में मिथिलेश चौरसिया का नाम सामने आया।
पुलिस के अनुसार गिरोह सहारनपुर में नया ठिकाना तैयार करने की योजना में था, तभी पुलिस ने धरपकड़ की।
ऐसे चलता था काला धंधा: 5 रुपये में बनाओ, 15 में बेचो—
पुलिस की पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। फैक्ट्री में 20 रुपये का नकली सिक्का बनाने में महज 5 से 6 रुपये खर्च आता था। इसके बाद एजेंटों को यह सिक्का 12 से 15 रुपये में बेचा जाता था। अंकित मूल्य और लागत के बड़े अंतर से भारी मुनाफा होता था। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री में 6 मशीनें लगी थीं, जिनसे रोजाना 10 से 12 हजार सिक्के बनाने की क्षमता थी। पिछली छापेमारी में आरोपियों के पास से 1.28 लाख रुपये के 6,400 तैयार सिक्के और 4.5 लाख के अर्धनिर्मित सिक्के बरामद हुए थे।
प्रमुख प्रतिनिधि रह चुका है आरोपी, मैथिली गीतों में भी किया काम—
मिथिलेश चौरसिया की गिरफ्तारी से इलाके में हड़कंप है। बताया जाता है कि वह करीब 5 वर्षों तक राजनगर में प्रमुख प्रतिनिधि के रूप में काम कर चुका है और कई मैथिली गीतों में भी काम किया है। स्थानीय लोग उसकी गिरफ्तारी को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।



